फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gorakhpur News: नेग लेकर लौट रहे किन्नर को गोली मारी, हालत गंभीर, मेडिकल कॉलेज में भर्ती

Mon, 20 Mar 2023 11:02 AM IST
Digvijay Singh अमर उजाला नेटवर्क, गोरखपुर।

सार

एसपी नार्थ मनोज अवस्थी ने कहा कि किन्नरों के इलाके के बंटवारे के विवाद में गोली चली है। तहरीर के आधार पर नामजद और अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच टीमें गठित की गई हैं। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।
विज्ञापन
किन्नर तान्या को अज्ञात हमलावरों ने मारी गोली - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गोरखपुर जिले के सहजनवां इलाके रिठुआखोर गांव के पास रविवार दोपहर करीब 12 बजे नेग लेकर लौट रहे किन्नर तान्या (35) को बाइक सवार दो बदमाशों ने गोली मार दी। ताबड़तोड़ चलाई गई गोलियों में से एक गोली तान्या की पीठ में फंस गई है। गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

विज्ञापन


वहीं, वारदात के बाद बदमाश हथियार लहराते हुए बाइक से फरार हो गए। क्षेत्र के बंटवारे के विवाद में गोली मारने की बात कही जा रही है। तान्या की तहरीर पर पुलिस ने किन्नर प्रिया, किरन, मुमताज, पूजा, काजल, दुर्गेश मद्धेशिया के खिलाफ हत्या की कोशिश का केस दर्ज किया है।

उधर, रात 8:25 बजे के करीब बड़ी संख्या में किन्नर सहजनवां थाना चौराहे पर पहुंच गए और बैरीकेडिंग लगाकर जाम लगा दिए। उनकी मांग थी कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाए। सीओ कैंपियरगंज ने आश्वासन देकर और एफआईआर की कॉपी किन्नरों को देकर किसी तरह से उन्हें शांत कराया। रात करीब नौ बजे जाम खुल सका। वहीं, जाम की वजह से गोरखपुर-लखनऊ हाईवे पर गाड़ियों की कतार लग गई। करीब आधे घंटे तक जाम में लोग परेशान दिखे।
विज्ञापन


इसे भी पढ़ें: सीएम योगी कर सकते हैं खोराबार आवासीय व मेडिसिटी योजना का शिलान्यास, अप्रैल से होगी बुकिंग शुरू

Trending Videos

गोली मारने के विरोध में किन्नरों ने रास्ता जाम कर प्रदर्शन किया। - फोटो : अमर उजाला।
जानकारी के मुताबिक, सहजनवां इलाके के भीमापार गांव निवासी किन्नर तान्या (35) रविवार को अपने सहयोगियों के साथ पाली ब्लॉक के रिठुआखोर रोड पर जगदीशपुर गाही गांव के पास नेग लेने गया था। लौटते समय जब वह गाड़ी में बैठने जा रहा था, तभी एक बाइक पर सवार होकर दो बदमाश आए और तान्या को निशाने पर लेकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

इसे भी पढ़ें: गोरखपुर में बारिश से बदला मौसम, दो दिन और हो सकती बूंदाबांदी

तान्या के मुताबिक, बदमाशों ने 6 से 8 राउंड गोलियां चलाईं हैं। दो गोली तन्या के पीठ में लगी। गोली लगते ही वह गिर गया। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। लोगों को आता देख बदमाश असलहा लहराते हुए बाइक से भाग गए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस घायल किन्नर को अस्पताल ले गई। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, पीठ में दाहिने कंधे के नीचे की तरफ से लगकर बाईं तरफ कंधे के नीचे पीठ में गोली फंसी हुई है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
गोली लगने के बाद पहुंची पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुट गई है। सहजनवां में किन्नरों के दो गुटों में क्षेत्र को लेकर विवाद होता रहता है। पहले भी विवाद होने पर पुलिस ने समझौता कराया था। इस बार गोली मारी गई है। लंबे अर्से बाद किन्नरों के विवाद में गोली चलने जैसी वारदात हुई है।
 
विज्ञापन

पुलिस पर आरोप, कार्रवाई हुई होती तो नहीं होती आज की घटना

प्रदर्शन करने वाले किन्नरों ने पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। उनका कहना था कि एक महीने से क्षेत्र के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। नेपाल से आए कुछ लोग खुद को स्थानीय किन्नर बताकर नेग लेने पहुंच जाते हैं। एक माह में कई बार तहरीर दी गई, लेकिन कभी कार्रवाई नहीं हुई। यही वजह रही कि रविवार को घटना के बाद मेडिकल कॉलेज से लौटे किन्नरों का गुस्सा फूट गया। उन्होंने जाम लगाकर हंगामा किया। किन्नरों ने पुलिस पर वारदात के बाद सुस्ती बरतने का आरोप लगाया। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द नहीं की तो इसी तरह प्रदर्शन किया जाएगा।

जाम में फंसे रहे मुसाफिर, एंबुलेंस में मरीज की सांसत
किन्नरों के सहजनवां थाने के चौराहे पर प्रदर्शन करने की वजह से हाईवे पर जाम लग गया, जिसमें मुसाफिर फंसे रहे। सबसे ज्यादा परेशानी तीन एंबुलेंस में जा रहे मरीजों को हुई। मरीजों की हालत गंभीर थी। इसकी जानकारी पुलिस को हुई तो उन्होंने किन्नरों को जानकारी दी। इसके बाद आगे फंसीं दो एंबुलेंस को रास्ता दिया गया। पीछे फंसी एंबुलेंस को तभी रास्ता मिला, जब जाम खत्म हुआ। लखनऊ जा रहे शाहपुर के बशारतपुर निवासी सुमित राय ने बताया कि पहले तो समझ में ही नहीं आ रहा था कि जाम क्यों लगा है। बाद में जाम की वजह पता चली।



किन्नरों के साथ पहले हुई घटनाएं
19 मार्च 2019 : जगदीशपुर में किन्नर की गोली मारकर हत्या की गई थी। कनपटी व गर्दन पर गोली लगी थी। ढाबे के पास शव मिला था।
21 जुलाई 2015 : शाहपुर इलाके में किन्नर पूनम की हत्या की गई थी। ईंट और गोलियों से मारा गया था। शरीर से जेवर गायब थे।
18 जनवरी 2012 : झंगहा इलाके के मऊवारी गांव में किन्नर की हत्या कर फेंकी गई लाश मिली थी। ईंट से कूंचकर हत्या की गई थी।

एसपी नार्थ मनोज अवस्थी ने कहा कि किन्नरों के इलाके के बंटवारे के विवाद में गोली चली है। तहरीर के आधार पर नामजद और अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच टीमें गठित की गई हैं। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें