गोरखपुर बिजली निगम की विजिलेंस टीम ने शुक्रवार को बांसगांव थाने के सामने आटा चक्की की दुकान में रिमोट से मीटर बंद कर बिजली चोरी करते पकड़ा। जिसके बाद टीम ने चार आटा चक्की संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। बांसगांव में चार आटा चक्कियों की जांच में बड़े पैमाने पर बिजली चोरी मिली है। ग्रामीण क्षेत्रों में छापामार अभियान लगातार जारी रहेगा।
विजिलेंस टीम ने शुक्रवार दोपहर बासगांव में आटा चक्की पर छापा मारा। चंद्रशेखर राय की आटा चक्की में लगा बिजली मीटर रिमोट से संचालित होता मिला। मनोज राय की आटा चक्की में मीटर से पहले तार काटकर बिजली चोरी की जा रही थी। लक्ष्मी राय की आटा चक्की के मीटर को भी धीमा किया गया था।
यहां 85 फीसद तक बिजली चोरी हो रही थी। यानी सौ यूनिट उपभोग पर सिर्फ 15 यूनिट का खर्च ही मीटर में दिख रहा था। यहां से विजिलेंस की टीम वार्ड नंबर चार पहुंची। यहां श्रीप्रकाश मौर्य की आटा चक्की में भी बिजली चोरी मिली। मीटर से पहले केबिल काटकर चोरी की जा रही थी।
प्रभारी निरीक्षक विजिलेंस निर्भय नारायण सिंह ने बताया कि बिजली चोरी में निगम के कर्मचारियों की ही भूमिका रहती है। चार आटा चक्की का मामूली बिजली का बिल बनने की जानकारी सभी को थी, लेकिन किसी ने जांच नहीं की। इन आटा चक्की के खिलाफ कोई कार्रवाई भी नहीं हुई थी। विजिलेंस टीम ने यदि छापा न मारा होता तो चोरी का पता भी नहीं चलता।