उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के गोरखनाथ इलाके के 10 नंबर बोरिंग के पास स्थित किंग लॉज एंड कैफे नाम के हुक्का बार में शुक्रवार को जन्मदिन की पार्टी का आयोजन किया गया था। जानकारी होते ही पुलिस पहुंची और संचालक समेत पार्टी में शामिल 35 युवकों को गिरफ्तार कर ली। सभी के खिलाफ निषेधाज्ञा के उल्लंघन व महामारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। वहीं हुक्का बार को सील करने के लिए थानेदार ने डीएम को रिपोर्ट भेजी है।
जानकारी के मुताबिक, गोरखनाथ के जमुनहिया निवासी अजहर हुक्का बार चलाते हैं। शुक्रवार को शाहपुर में जेल रोड निवासी अजहर के दोस्त शिवम का जन्मदिन था। जिसके उपलक्ष्य में अजहर ने शिवम और उसके दोस्तों को पार्टी दी थी। बार में युवकों की भीड़ जुटने पर स्थानीय लोगों ने गोरखनाथ पुलिस को सूचना दी।
फोर्स के साथ पहुंचे थानेदार रामाज्ञा सिंह ने संचालक समेत पार्टी में शामिल 35 युवकों को गिरफ्तार कर लिया। बाद में सभी को मुचलके पर छोड़ा गया। सीओ गोरखनाथ प्रवीण सिंह ने बताया कि हुक्का बार को सील करने के लिए पुलिस की ओर से डीएम को रिपोर्ट भेजी गई है।
बता दें कि जिला प्रशासन की ओर से गोरखनाथ, राजघाट और कैंट इलाके में 10 अगस्त तक लॉकडाउन है।