मुख्यमंत्री ने गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन के निर्माणय की प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की और कहा कि सड़क को जल्द वाहनों के चलने योग्य बनाया जाए। यह प्रोजेक्ट काफी विलंबित हो चुका है। आपको बताएं, गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन की यात्रा कठिन है। कई जगह लग्जरी बसें तक फंस जा रही हैं। गगहा और कौड़ीराम से गोरखपुर आने वाले देवरिया से घुमकर आ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने जर्जर बिजली के तार बदलने की जानकारी भी ली। साथ ही कहा कि जर्जर तारों को बदलने के लिए 11 करोड़ का बजट स्वीकृत हुआ है। जल्द ही काम शुरू कराया जाए। मुख्यमंत्री ने मुख्य अभियंता विद्युत को बिजली उपकेंद्रों के लिए भूमि उपलब्ध कराने को कहा है।
चिड़ियाघर: 30 नवंबर तक बिजली के काम पूरा करने के निर्देश
चिड़ियाघर के सामने से हाईटेंशन लाइन की शिफ्टिंग या फिर उसे ऊपर करने में देरी पर भी मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई। साथ ही कहा कि बिजली से संबंधित काम हर हाल में 30 नवंबर तक पूरे कराए जाएं। चिड़ियाघर को जल्द ही जनता के लिए खोला जाएगा। यह गोरखपुर के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
मुख्यमंत्री ने शहरी क्षेत्र में जलभराव, रामगढ़ताल क्षेत्र स्थित वसुंधरा मोड़ से तुर्रा नाले तक के निर्माण की स्थिति की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने चेताया कि काम समय से पूरा कर लिया जाए ताकि रिवाइज इस्टीमेट तैयार करने की स्थिति न उत्पन्न हो। उन्होंने रामगढ़ताल से तरकुलानी रेग्युलेटर तक के नाले तथा गोड़धोइया नाले की सफाई कराने का भी निर्देश दिया।
सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए तैयार होगी कार्ययोजना
मुख्यमंत्री ने प्रेक्षागृह के निर्माण की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि काम पूरा होने के बाद वहां पर लगातार सांस्कृतिक गतिविधियां संचालित होती रहे, इसके लिए अभी से कार्ययोजना बना ली जाए।
रामगढ़ताल की रोजाना होगी सफाई
मुख्यमंत्री ने रामगढ़ताल में बोल्डर पीचिंग की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि रामगढ़ताल में नियमित सफाई की व्यवस्था बनाई जाए। उन्होंने राप्ती नदी पर राजघाट एवं रामघाट पर हो रहे सुंदरीकरण के कार्यों को दिसम्बर तक पूरा करने का निर्देश दिया। पर्यटन विभाग द्वारा कराए जा रहे शहीद स्मारकों एवं विभिन्न जगहों पर सुंदरीकरण के कामों की भी समीक्षा की और समय से उन्हें पूरा करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने धान खरीद की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि किसानों को उनके उपज का सही मूल्य मिले। किसी भी दशा में न्यूनतम समर्थन मूल्य से कम में खरीद न हो और क्रय केन्द्र पूरी तरह से संचालित रहे। सभी क्रय केन्द्रों पर कर्मचारियों की उपस्थिति भी सुनिश्चित हो।
कोरोना: बढ़ाई जाएगी जांच, कांटेक्ट ट्रेसिंग पर जोर
मुख्यमंत्री ने कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए किए जा रहे कार्यों के बारे में जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि ज्यादा से ज्यादा जांच सुनिश्चित की जाए तथा कान्टेक्ट ट्रेसिंग पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि आईसीसीसी लगातार कार्य करे, र्व व त्यौहारों के दृष्टिगत अतिरिक्त सावधानी रखी जाए तथा सर्विलान्स को और बेहतर बनाया जाए। मुख्यमंत्री ने चेताया कि कोरोना संक्रमितों के इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। डॉक्टर नियमित रूप से राउंड लगाएं।
उन्होंने कहा कि कन्टेनमेन्ट जोन को छोड़कर सभी जगहों पर सभी गतिविधियां संचालित हों तथा लोगों में जन जागरूकता के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से प्रचार भी किया जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में भी जागरूकता के लिए लगातार कार्य किया जाए। उन्होंने वेटनरी कॉलेज के निर्माण, सैनिक स्कूल के निर्माण, आयुष विश्वविद्यालय के निर्माण एवं जनपद के अन्य निर्माण कार्यों के बारे में समीक्षा की।
भगवान शंकर का अभिषेक कर सर्वमंगल की कामना की
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्रांसपोर्ट नगर स्थित बाबा मुक्तेश्वरनाथ मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। साथ ही भगवान शिव का जलाभिषेक करके सर्वमंगल की कामना की। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। साथ ही आंवले का पौधा लगाया।