प्रदर्शन कर रहीं कांग्रेस जिलाध्यक्ष समेत 17 पर एफआईआर
गोरखपुर। कांग्रेस जिलाध्यक्ष सहित 17 पार्टी कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज किया गया है। गीडा थाने में चौकी इंचार्ज नौसड़ दीपक सिंह की तहरीर पर धारा 188 व कोविड उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है।
बता दें कि, गोरखपुर-वाराणसी मार्ग की बदहाली के खिलाफ कांग्रेस जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान के नेतृत्व में कार्यकर्ता बुधवार को बाघागाड़ा के पास सड़क पर धरना दे रहे थे। कार्यकर्ताओं की मांग थी कि कोई जिम्मेदार आकर सड़क के बारे में आश्वासन दे कि यह कब तक ठीक हो जाएगी? जब कार्यकर्ता नहीं मानें तब गीडा पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया। देर शाम सभी को छोड़ दिया गया। देर शाम पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया जिसमें पार्टी के जिला सचिव चंद्रभूषण पांडेय, अभिषेक त्रिपाठी, आशुतोष त्रिपाठी, कुसुम पांडेय, प्रभात पांडेय, तौकीर आलम, गणेश मिश्रा, प्रदीप नाथ सिंह, रोहन पांडेय, राजेश यादव, सच्चिदानंद तिवारी, विवेक सिंह, राजीव राय को नामजद किया है। कई अज्ञात पर भी केस दर्ज किया गया है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष का कहना है कि, गोरखपुर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग बहुत महत्वपूर्ण है। रोजाना हजारों की संख्या में इस रोड से वाहन गुजरते हैं। वाराणसी से बड़ी संख्या में पर्यटक व श्रद्धालु गोरखपुर होते हुए नेपाल और कुशीनगर जाते हैं। पिछले छह सालों से सड़क पूरी तरह से गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। 2014 से इसे फोरलेन बनाने का काम चल रहा है मगर अभी तक 40 फीसदी काम भी पूरा नहीं हो सका। गिरफ्तारी देने व धरना प्रदर्शन के दौरान आशुतोष त्तिवारी, कुसुम पांडेय, प्रभात पांडेय, महेंद्र नाथ मिश्रा, चंद्रभूषण पांडेय, निर्मला गुप्ता, तौकीर आलम, गणेश मिश्रा, ऊषा श्रीवास्तव, सादाब अहमद, प्रदीप शुक्ला, रोहन पांडेय, प्रवीण पासवान, घटोकक्ष शुक्ला, प्रणव उपाध्याय, राजेश यादव, सच्चिदानंद तिवारी, विवेक सिंह, राजीव राय, अभिषेक त्रिपाठी आदि शामिल रहे।
छावनी रेलवे स्टेशन के पास कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन
गोरखपुर। छावनी रेलवे स्टेशन के पास टूटी सड़कों और जलभराव को लेकर महानगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को मौके पर प्रदर्शन किया। नाराज कार्यकर्ताओं ने शासन, प्रशासन और नगर निगम को चेताया कि नागरिकों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करेंगे।
महानगर कांग्रेस कमेटी के नेता दिलीप कुमार निषाद ने कहा कि हनुमान मंदिर से रेलवे क्रासिंग फाटक तक की सड़क टूट चुकी है। हल्की बारिश में भी वहां की सड़कों पर घुटने भर तक जलभराव हो जाता है। प्रदर्शन के दौरान देवेंद्र निषाद उर्फ धनुष, मुस्तफा अंसारी, मोहित सिंह, गोविंद निषाद, शेरू निषाद, विशाल निषाद, विकास निषाद, गौरव निषाद, बैजनाथ निषाद, बिरजू निषाद, पूरन निषाद, दीपक जायसवाल, रुस्तम, विजय निषाद आदि कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।