कोरोना जांच के लिए नमूना एकत्र करते स्वास्थ्य कर्मी।
- फोटो : PTI
गोरखपुर शहर से सटे चरगांवा स्वास्थ्य केंद्र पर अब 24 घंटे किसी भी समय कोरोना की जांच कराई जा सकती है। सोमवार की शाम से यह सेवा शुरू हो गई है। इसके लिए अलग-अलग शिफ्ट में डॉक्टर और अन्य स्वास्थ्य कर्मी तैनात किए गए हैं। सीडीओ इंद्रजीत सिंह ने बताया कि जल्द ही कुछ और स्वास्थ्य केंद्रों पर भी जांच का समय बढ़ाया जाएगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों की कोरोना जांच कराई जा सके।
सीडीओ ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार अब जांच की संख्या प्रतिदिन एक हजार से बढ़ाकर करीब 2500 कर दी गई है। इस संख्या में और इजाफा किया जा सकता है ताकि समय से सभी संक्रमितों को चिह्नित कर उनका तत्काल इलाज शुरू कराया जा सके।
सीडीओ ने बताया कि एल-टू और एल-थ्री के बेड भी बढ़ाए जा रहे हैं। सप्ताह भर के भीतर ही बीआरडी मेडिकल कॉलेज स्थित बाल चिकित्सा संस्थान में 300 बेड का एक और अस्पताल शुरू हो जाएगा।
270 संक्रमित बुजुर्ग घर से अस्पताल में शिफ्ट होंगे
सीडीओ ने बताया कि प्रशासन का विशेष जोर 60 साल से अधिक उम्र के लोगों और पहले से गंभीर बीमारियों से ग्रसित सभी लोगों का अनिवार्य तौर पर कोरोना जांच कराने पर है । इसी क्रम में होम आइसोलेट चल रहे 270 ऐसे संक्रमित, जिनकी उम्र 60 साल या उससे अधिक है, उन्हें स्पोर्ट्स कॉलेज में बने अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। इन सभी लोगों की सूची तैयार हो गई है और उन्हें शिफ्ट करने का काम भी शुरू कर दिया गया है।
होम आइसोलेट चल रहे 60 साल से अधिक उम्र के कोरोना संक्रमितों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें और उनकी नियमित निगरानी हो सके, इसलिए उन्हें स्पोर्ट्स कॉलेज व अन्य एल-1 अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है। इसी तरह ज्यादा से ज्यादा लोगों की जांच हो सके, इसलिए चरगांवा स्वास्थ्य केंद्र पर अब 24 घंटे जांच की व्यवस्था शुरू कर दी गई है। अलग-अलग शिफ्ट में डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई गई है। इसकी मॉनीटरिंग भी की जा रही है। - इंद्रजीत सिंह, सीडीओ