सीएमओ ने पत्र लिखकर घर-घर से पात्र बुजुर्गों का पता लगाकर कार्ड बनवाने के निर्देश दिए
70 वर्ष या उससे अधिक आयु के बुजुर्गों की संख्या अधिक होने वाले गांवों में लगेंगे विशेष कैंप
गोरखपुर। जिले के शहरी क्षेत्र में आयुष्मान वय वंदन योजना के तहत 70 वर्ष व उसके अधिक आयु के बुजुर्गों के लिए स्वास्थ्य विभाग ने विशेष पहल की है। पहली बार दस्तक अभियान में बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड बनाने पर भी जोर दिया जाएगा। इसमें अधिक बुजुर्गों की संख्या वाले गांवों में विशेष कैंप लगाने के भी निर्देश दिए गए हैं।
इस संबंध में सीएमओ डॉ. राजेश झा ने सभी ब्लॉकों के अधीक्षक और प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को पत्र लिखकर उन्हें निर्देश दिए हैं। दस्तक के दौरान घर-घर जाने वाली आशा कार्यकर्ता पात्र बुजुर्गों का पता लगा कर उनकी लिस्ट बनाएं और उन्हें आधार कार्ड के साथ नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र या प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर भेज कर आयुष्मान कार्ड बनवाएं। नगरीय स्वास्थ्य केंद्रों से जुड़ी आशा कार्यकर्ताओं के पहले बैच का प्रशिक्षण कार्यक्रम भी शुक्रवार से प्रेरणाश्री सभागार में शुरू हो गया। उन्हें विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के बारे जानकारी दी जा रही है।
सीएमओ डॉॅ. झा ने बताया कि जिले भर में 11 से 31 जुलाई के बीच दस्तक अभियान चलना है। इस दौरान आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की टीम घर-घर जाकर बुखार, टीबी, लेप्रोसी, कुपोषण और फाइलेरिया के नए मरीज ढूंढ़कर और उनकी जांच कराएंगी। इसी दौरान ऐसे पात्र बुजुर्गों को भी ढूंढ़ा जाएगा, जिनका आयुष्मान कार्ड नहीं बना है।