जिला अस्पताल में ऑपरेशन के बाद होश में आने पर बृहस्पतिवार को चेकअप कर मुर्तजा को डॉक्टरों ने छुट्टी दे दी। कड़ी सुरक्षा के बीच उसे अपराह्न तीन बजे के करीब फिर से जेल में दाखिल कर दिया गया। जेल में उसे हाई सिक्योरिटी बैरक में ही रखा गया है। उधर, होश में आने के बाद मुर्तजा ने खाना मांगा। उसे जेल मैनुअल के हिसाब से रोटी-सब्जी और दाल दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, गोरखनाथ मंदिर की सुरक्षा में तैनात सिपाहियों पर जानलेवा हमला करने के आरोपी मुर्तजा अब्बासी को मंगलवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बुधवार को दो डॉक्टरों की टीम ने उसके हाथ का ऑपरेशन कर रॉड डाला। बृहस्पतिवार को चेकअप के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया। जेलर प्रेम सागर शुक्ला ने बताया कि मुर्तजा जेल में आ गया है। उसे हाई सिक्योरिटी बैरक में रखा गया है।
यह है मामला
तीन अप्रैल को गोरखनाथ मंदिर की सुरक्षा में तैनात सिपाहियों अनिल पासवान और गोपाल गौड़ पर आरोपी मुर्तजा अब्बासी ने बांके से जानलेवा हमला किया था। गोरखनाथ थाने में मुर्तजा के खिलाफ हत्या की कोशिश, सरकारी काम में बाधा डालने, धार्मिक भावना भड़काने, 7-सीएलए एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। चार अप्रैल को उसे कोर्ट में पेश कर पुलिस ने रिमांड पर मांगा था। जिसके बाद 11 अप्रैल तक के लिए रिमांड मिली। पांच अप्रैल से केस एटीएस को ट्रांसफर हो गया। 11 अप्रैल को एटीएस ने उसे कोर्ट में पेश किया, साथ ही रिमांड और बढ़ाने की मांग की इसके बाद कोर्ट ने पांच दिन के लिए रिमांड बढ़ा दी। इसी के साथ एटीएस को मुर्तजा 16 अप्रैल तक रिमांड पर मिल गया था।