रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने गोरखपुर स्टेशन पर की विकास परियोजनाओं की समीक्षा
गोरखपुर। रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने गोरखपुर से बेतिया तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया और गोरखपुर कैंट-वाल्मीकिनगर दोहरीकरण कार्य को तेजी से पूरा कराने का निर्देश दिया। रेलमंत्री ने पूर्वोत्तर रेलवे पर चल रहे दोहरीकरण, तीसरी लाइन, नई लाइन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। कहा कि ट्रैक एवं रोलिंग स्टॉक्स (कोच, लोकोमोटिव) की मरम्मत के लिए और बेहतर सिस्टम बनाया जाए। आधुनिक तरीके से इसकी मॉनिटरिंग की जाए।
रेलमंत्री रेलमंत्री एयरपोर्ट से पूर्वोत्तर रेलवे की महाप्रबंधक सौम्या माथुर के साथ रविवार पूर्वाह्न 11:48 बजे रेलवे स्टेशन पहुंचे। स्टेशन डायरेक्टर जेपी सिंह ने पौधा देकर उनका स्वागत किया। रेलमंत्री ने एसी ट्रांजिंट लाउंज में महाप्रबंधक एवं अन्य वरिष्ठ रेल अधिकारियों के साथ गोरखपुर जं. स्टेशन के पुनर्विकास तथा पूर्वोत्तर रेलवे पर चल रही विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। महाप्रबंधक ने पुनर्विकास के कार्याें तथा पूर्वोत्तर रेलवे के अन्य विकास परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। रेलमंत्री ने ट्रेन संचालन को और सुगम्य बनाने के लिए बॉटल नेक्स (अवरोधों) को चिन्हित कर समाप्त करने के निर्देश दिए। कहा कि पूर्व में चल रही सभी परियोजनाएं समय से पूरा कराएं।
इस अवसर पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी, निर्माण अभय कुमार गुप्ता, प्रमुख मुख्य इंजीनियर नीलमणि, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक अनूप कुमार सतपथी, डीआरएम लखनऊ आदित्य कुमार, सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।
-
रेल यूनियन पदाधिकारियों ने मांगपत्र सौंपा
गोरखपुर। एनई रेलवे मेंस कांग्रेस और ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन ने रेलमंत्री को मांग पत्र सौंपकर रेलकर्मियों की समस्याएं बताईं। एनई रेलवे मेंस कांग्रेस के मंडल मंत्री प्रदीप कुमार श्रीवास्तव ने पुरानी पेंशन बहाल करने, 2025 में रिक्त पदों पर भर्ती करने, रेलकर्मियों के जर्जर आवास के नवीनीकरण कराने की मांग की। वहीं, ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन के क्षेत्रीय महामंत्री विनय शर्मा ने मांगपत्र देकर सहायक लोको पायलट का को-पायलट का दर्जा देने, डीएम के 50 प्रतिशत होने पर एक जनवरी 2024 से माइलेज रेट में 25 प्रतिशत बढ़ोतरी की मांग की। इस दौरान सहायक क्षेत्रीय महामंत्री शिव पूजन वर्मा, अमित श्रीवास्तव, सत्यनारायण गुप्ता आदि मौजूद रहे। इसके अलावा पूर्वोत्तर रेलवे श्रमिक संघ के बजरंगी दुबे और संजय त्रिपाठी ने रेलमंत्री का स्वागत किया।