आटा चक्की से चोरी करने के आरोपित को गोला पुलिस ने गिरफ्तार करने के बजाय सुलह कराकर छोड़ दिया। सुलह का दबाव बनाने के लिए थाने के एक दरोगा ने शिकायत करने वाले सत्यप्रकाश सिंह को थप्पड़ मार दिया। मंगलवार को सत्यप्रकाश ने एसएसपी डॉ. सुनील गुप्ता से मिलकर कार्रवाई की मांग की। एसएसपी ने सीओ गोला श्याम देव बिंद को जांच सौंपी है। उन्होंने सीओ से दो दिन के अंदर रिपोर्ट मांगी है।
गोला के वेदौली गांव निवासी सत्य प्रकाश सिंह की आटा चक्की है। उनका आरोप था कि रविवार को गांव के ही दो युवकों ने 55 किलोग्राम आटा चुरा लिया था। सत्यप्रकाश ने एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। बाद में पुलिस दूसरे आरोपित को भी थाने लाई। सत्यप्रकाश का आरोप है कि बीते छह माह में आरोपित ने कई बार गेहूं की चोरी की है।
आरोप है कि पुलिस ने पहले आरोपित की ओर से सत्यप्रकाश पर एससी एसटी एक्ट में केस दर्ज करने का हवाला देकर डराया। सत्यप्रकाश को थाने के एक दरोगा ने थप्पड़ भी जड़ दिया। पुलिस ने आरोपितों से एक हजार रुपये दिलवाकर सुलह करा दी। मंगलवार को पुलिस की कार्यप्रणाली की शिकायत सत्यप्रकाश ने एसएसपी से की।
शिकायत मिली है। सीओ गोला को जांच सौंपी गई है। रिपार्ट में दोषी पाए जाने पर दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - डॉ सुनील गुप्ता, एसएसपी