महराजगंज जिले के नौतनवां थाना क्षेत्र के एक गांव में अश्लील शब्द लिखकर एक युवती की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता के पिता ने नामजद तहरीर देकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
थानाध्यक्ष को सौंपे पत्र में पीड़िता के पिता ने कहा है कि एक माह पूर्व वह बेटी की तस्वीर निकलवाने के लिए गांव के चौराहे पर स्थित स्टूडियो में गए थे। स्टूडियो संचालक ने उनके मोबाइल फोन से उनकी बेटी की तस्वीर अपने लैपटॉप में भेजा था। स्टूडियो पर गांव के दो-तीन युवक भी आते-जाते रहते हैं।
पिता का आरोप है कि गांव के इन युवकों ने ही उनकी बेटी को बदनाम करने के लिए उनके भांजे के नाम से सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर अश्लील शब्दों के साथ उसकी तस्वीर पोस्ट की है।
प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार पांडेय का कहना है कि तहरीर के आधार पर दोषियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई की जाएगी।