उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के श्यामदेउरवां थानाक्षेत्र के एक गांव में मंगलवार की देर रात एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। स्वजन शव को सीएचसी परतावल ले गए। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के ग्राम सभा धरमौली में बुधवार की भोर में संदिग्ध परिस्थिति में पूजा यादव (18) की मौत हो गई। पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। वहीं परिजनों का कहना है कि युवती को जहरीले सांप ने डस लिया। सांप के काटने से उसकी मौत हो गई।
परिजनों द्वारा युवती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित कर दिया। युवती के गले पर काला निशान बना हुआ था तथा सांस की नली टूटने की आशंका जताई जा रही है। हाथ भी बंधा हुआ था। सूचना पाकर मौके पर पहुंची श्यामदेउरवां पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पर मौजूद दर्जनों की संख्या में ग्रामीणों और परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने का विरोध किया।
इंस्पेक्टर श्यामदेउरवां सुनील कुमार राय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की जानकारी हो सकेगी।