गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण की 64 वीं बोर्ड बैठक में लिए गए अहम निर्णय
पहले चरण में 450 एकड़ जमीन उद्योगों को होगी आवंटित, औद्योगिक गलियारे के विस्तार के लिए बनेगा मास्टर प्लान
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। धुरियापार में नई औद्योगिक इकाइयों को जमीन मुहैया कराने के लिए गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) नए गांवों में अधिग्रहण करेगा। यहां की जमीनों को टाटा और रिलायंस जैसीं बड़ी कंपनियों को आवंटित किया जाएगा। इसके लिए शासन से 400 करोड़ रुपये का ग्रांट भी मिल चुका है।
बृहस्पतिवार को गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) की 64 वीं बोर्ड बैठक में ये अहम निर्णय लिए गए। कमिश्नर एवं अध्यक्ष गीडा बोर्ड अनिल ढींगरा की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में आयोजित बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार, 450 एकड़ जमीन पहले चरण में आवंटित होगी। इसके अलावा दो गांवों में जमीन खरीदने के लिए दर तय कर लिए गए हैं और ले-आउट प्लान में आंशिक संशोधन के प्रस्तावों को भी मंजूरी दे दी गई है।
बैठक में औद्योगिक गलियारे के विस्तार के लिए कुछ गांवों में मास्टर प्लान बनाने का मुद्दा भी रखा गया। ग्राम बरउर, सियर, सहजूपार एवं चकभोप का मास्टर प्लान अनुमोदित करने पर बोर्ड ने सहमति दे दी है। इसमें लगभग 700 एकड़ से अधिक क्षेत्रफल है। सेक्टर 27 के लेआउट में संशोधन का मामला भी बैठक में प्रस्तुत किया गया।
बैठक में जमीन व फ्लैट के रेट पर भी चर्चा हुई। रेट तय कर लिए गए हैं लेकिन अंतिम मुहर कार्यवृत्ति जारी होने के बाद ही लगेगी। धुरियापार और औद्योगिक गलियारे में किसानों से जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। बोर्ड बैठक में यह बात रखी गई कि सर्किल रेट के दो से ढाई गुना रेट देकर आपसी समझौते के आधार पर किसानों से जमीन लेने का प्रयास किया जाएगा।
वहीं, उत्तर प्रदेश एयरोस्पेश, रक्षा इकाई एवं रोजगार प्रोत्साहन नीति-2024 और उक्त की संचालन प्रक्रिया को यथावत अंगीकृत करने का अनुमोदन दिया गया। इसके अलावा गीडा के सेक्टर-26 (औद्योगिक भीटीरावत विस्तारीकरण, सेक्टर-27 औद्योगिक भगवानपुर विस्तारीकरण, सेक्टर-9 संस्थागत विस्तारीकरण एवं धुरियापार औद्योगिक) की दरों के लिए अनुमोदन दिया गया। धुरियापार औद्योगिक क्षेत्र के अंतर्गत ट्रांसमिशन लाइनों के टॉवरों की शिफ्टिंग, गोला तहसील के अंतर्गत अधिसूचित गांव धौरहरा एवं सदर तहसील का गांव ताल नवर में भूमि खरीदने करने के लिए दरों का भी अनुमोदन दिया गया।
-
पांच लाख में ईडब्ल्यूएस व 10 लाख में एलआईजी फ्लैट मिलेंगे
गीडा की ओर से सेक्टर-11 कालेसर स्थित आवासीय योजना में अल्प आय वर्ग के लोगों के लिए फ्लैट बनाए जा रहे हैं। ईडब्ल्यूएस एवं एलआईजी फ्लैट के लिए रेट तय किए गए हैं। प्राधिकरण में ईडब्ल्यूएस फ्लैट करीब 5 लाख 13 हजार रुपये में जबकि एलआईजी फ्लैट 10 लाख 12 हजार रुपये में उपलब्ध कराने की तैयारी है। ईडब्ल्यूएस फ्लैट का कारपेट एरिया लगभग 40 वर्ग मीटर है जबकि एलआईजी का लगभग 48 वर्ग मीटर है। दोनों तरह के फ्लैट की संख्या 48-48 है। इसमें गीडा के उद्योगों में काम करने वाले श्रमिकों को कितना आरक्षण दिया जाए, इसपर फैसला लिया जाना बाकी है। उद्यमियों की ओर से श्रमिकों के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण की मांग की जा रही है।
-
एक साल में गीडा ने किया 213 एकड़ जमीन का आवंटन
गीडा की सीईओ अनुज मलिक ने बताया कि प्राधिकरण के इतिहास में एक साल में सर्वाधिक आवंटन किया गया है। लगभग 213 एकड़ जमीन आवंटित की जा चुकी है। जनवरी में एक और परियोजना आने वाली है, इसके बाद यह आवंटन 250 एकड़ तक पहुंच जाएगा। बैठक में डीएम दीपक मीणा, जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन आदि उपस्थित रहे।