कोरोना के फिर से दस्तक की आशंका के बीच नगर निगम भी तैयारी में जुट गया है। पांच हजार लीटर सोडियम हाइपोक्लोराइट मंगवाया गया है। जल्द ही घनी बस्तियों और प्रमुख बाजारों में सैनिटाइजेशन कराया जाएगा। नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव अमृत अभिजात ने इस संबंध में नगर आयुक्त व नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने कहा कि मुख्य बाजारों और घनी बस्तियों में सैनिटाइजेशन अभियान शुरू होने जा रहा है।
सार्वजनिक स्थानों पर न फेंकें फेस मास्क व दस्ताने
नगर आयुक्त ने कहा कि कोविड प्रोटोकाल का पालन करते हुए सभी को फेसमास्क और दस्ताने लगाने चाहिए लेकिन ध्यान दें कि इन्हें किसी भी हाल में सार्वजनिक स्थानों पर न फेंकें। ऐसा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कहा कि इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम से घोषणा कर लोगों को कोरोना से बचाव के प्रति जागरूक किया जाएगा।
मॉस्क लगाएं पुलिसकर्मी, सेनेटाइजर का करें इस्तेमाल
विदेशों में कोरोना के लगातार बढ़ रहे मामलों को देखते हुए एहतियातन पुलिस कर्मियों को सतर्कता बरतने का निर्देश जारी किया गया है। पुलिस कर्मियों को मॉस्क लगाने व सेनेटाइजर का इस्तेमाल करने को कहा गया है। साथ ही उचित दूरी बनाकर फरियादियों से संवाद करने को कहा गया है। डीजीपी के आदेश के क्रम में एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने जिले के पुलिस कर्मियों को गाइडलाइन भेजकर पालन करने का निर्देश दिया है।