नगर आयुक्त प्रेम रंजन सिंह। (फाइल)
- फोटो : amar ujala
अल्प आय वर्ग के लोगों को ध्यान में रखकर गोरखपुर विकास प्राधिरकण (जीडीए) मानबेला में ही वन बीएचके के 480 आवास भी बनाएगा। इसका ले-आउट तैयार करने का काम शुरू हो गया है। प्राधिकरण मानबेला में ही टू-बीएचके के 240 आवास बनाने की तैयारी पहले से कर रहा है। ले-आउट भी तैयार हो गया है। अब प्राधिकरण दोनों आवासीय योजनाओं को एक साथ लांच करने की योजना बना रहा है।
वन बीएचके वाले इस फ्लैट का क्षेत्रफल 350 से 400 वर्ग फीट तक होगा। इसमें एक कमरा, एक हाल, किचन व बाथरूम होगा। एक ब्लॉक में भूतल के अलावा तीन और तल होंगे। इसके पहले जीडीए, मानबेला में ही प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत 1500 आवासों का निर्माण करा चुका है। पत्रकारपुरम आवासीय योजना भी यहीं है, जिसका निर्माण कार्य अब आखिरी चरण में हैं। यहां के सभी फ्लैट का आवंटन हो चुका है।
ऐसे में अल्प आय वर्ग के लोगों की ओर से आवास की आ रही मांग को देखते हुए जीडीए उपाध्यक्ष प्रेमरंजन सिंह ने मानबेला में 480 आवास बनाने का निर्णय किया है। इसे लेकर तैयारी शुरू कर दी गई है। इस आवास का डिजाइन प्रधानमंत्री आवास से अलग होगा। इसका बेडरूम बड़ा रहेगा तथा डाइनिंग हाल के साथ ही किचन भी बनाया जाएगा।
जीडीए उपाध्यक्ष प्रेमरंजन सिंह ने कहा कि मानबेला में टू बीएचके के 240 फ्लैट के अलावा वन बीएचके के 480 फ्लैट भी बनाने की योजना है। इसके लिए ले आउट तैयार किया जा रहा है। जल्द ही योजना लांच कर दी जाएगी।