गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के भीटी रावत में गारमेंट पार्क के लिए 30 सितंबर तक आवेदन किया जा सकता है। अंतिम तिथि 10 सितंबर तक प्लॉटों के आवंटन के लिए कम आवेदन आने को देखते हुए गीडा सीईओ ने इस संबंध में निर्णय लिया है।
दरअसल गीडा के सेक्टर-26 भीटी रावत में गारमेंट पार्क विकसित किया जा रहा है। इसमें रेडीमेड गारमेंट के लिए 101 भूखंड आवंटित किए जाएंगे। इनमें से एक भूखंड 1.29 एकड़ का, पांच भूखंड एक एकड़ के तथा 95 भूखंड 500 से एक हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल के होंगे।
गीडा प्रशासन द्वारा 18 अगस्त से 10 सितंबर तक इन भूखंडों के लिए आवेदन आमंत्रित किया गया था। उद्यमियों की ओर से ऑनलाइन आवेदन किए जा रहे हैं लेकिन शुरू में कुछ दिक्कतों के कारण आवेदन करने में परेशानी हो रही थी।
चेंबर ऑफ इंडस्ट्रीज के उपाध्यक्ष आरएन सिंह ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन में कुछ समस्या आ रही थी इसलिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की गई थी। सीईओ गीडा पवन अग्रवाल ने बताया कि उद्यमियों की मांग पर गारमेंट पार्क में भूखंड के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 10 से बढ़ाकर 30 सितंबर कर दी गई है।