विभिन्न अपराधिक वारदात में आरोपी श्रीचंद, शिवा, वीरेंद्र, परवेज अंसारी और मनोज के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई की गई। पुलिस की रिपोर्ट पर डीएम विजय किरन आनंद ने इन पांच आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की। इन सभी पर अलग-अलग मामलों में रामगढ़ताल, शाहपुर और राजघाट थाने में मुकदमे दर्ज हैं। डीएम ने अपराध से अर्जित इनकी संपत्ति को भी जब्त करने का आदेश दिया है।
इन आरोपियों पर 90 फीसदी से अधिक मुकदमों पर आरोप पत्र दाखिल भी किया जा चुका है। जिन पांच के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है, उनमें से दो की उम्र 21 और 23 वर्ष है।
डीएम के मुताबिक, पांचों आरोपियों में से दो पर राजघाट, दो पर शाहपुर और एक पर रामगढ़ताल थाने में गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल, दो जमानत पर, जबकि तीन जेल में बंद हैं। डीएम ने तहसील प्रशासन को निर्देश दिया है कि इन सभी की संपत्तियां जल्द जब्त कर कार्यालय को सूचित करें।
डीएम विजय किरन आनंद ने कहा कि पांच आरोपियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है। जल्द ही इनकी संपत्ति भी जब्त कराई जाएगी। किसी भी असामाजिक तत्व को छोड़ा नहीं जाएगा। अभी कई और आरोपी कार्रवाई की जद में हैं।