मुआवजे के लिए रोका अंतिम संस्कार
एसडीएम ने आश्वासन देकर मनाया, आज सुबह होगा अंतिम संस्कार
अहिरौली बाजार (कुशीनगर)। स्थानीय थाना अंतर्गत जोलहपुरवा गांव में तीन दिन पहले हुई मारपीट में घायल युवक की बुधवार की रात में लखनऊ में मौत के बाद शव बृहस्पतिवार की शाम को गांव लाया गया। कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों ने अंतिम संस्कार रोक दिया। एसडीएम ने उचित मदद व कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया।
जोलहपुरवा गांव में बीते सोमवार को दो पक्षों में मारपीट हो गई थी। पुरानी रंजिश को लेकर हुई इस मारपीट में अजय लाल मौर्या गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन गोरखपुर व वहां से लखनऊ ले गए। वहां इलाज के दौरान बुधवार की रात में अजय की मौत हो गई। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर लाया गया। शाम को परिजनों ने अंतिम संस्कार रोक दिया। ये लोग मारपीट व पुरानी रंजिश के मामले में आरोपियों पर कार्रवाई तथा मृतक अजय के परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग कर रहे थे। सूचना मिलने पर सीओ कसया पीयूषकांत राय, एसओ अहिरौली बाजार संजय कुमार सिंह, हाटा कोतवाल जयप्रकाश पाठक मौके पर पहुंचे। परिजन किसी सक्षम अधिकारी को बुलाने की मांग कर रहे थे। एसओ ने एसडीएम हाटा को इस मामले से अवगत कराया तो एसडीएम ने नायब तहसीलदार योगेंद्र पाण्डेय को मौके पर भेजा। नायब तहसीलदार ने परिजनों की मांग पर विचार करते हुए कहा कि जो भी सरकारी योजनाएं होंगी उनसे मृतक के परिवार को लाभान्वित कराया जाएगा। इसके बाद मृतक अजय लाल मौर्या के भाई राजन मौर्या ने सुबह दाह संस्कार कराने की बात कही। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए गांव में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।