गोरखनाथ मंदिर पहुंचे फ्रांस के राजदूत।
- फोटो : अमर उजाला।
भारत में फ्रांस के राजदूत इमैनुएल लेनिन ने गुरुवार सुबह वैदिक मंत्रोच्चार और शंखध्वनि के बीच गोरखनाथ मंदिर में बाबा गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया। डेढ़ घंटे मंदिर परिसर में रहने के दौरान उन्होंने भ्रमण कर नाथ संप्रदाय के इस विश्व विख्यात पीठ की विशेषताओं की जानकारी ली। मंदिर की गौशाला में जाकर गाय को गुड़ खिलाया। वहीं फ्रांस के राजदूत को मंदिर प्रबंधन ने गीता प्रेस और गोरखनाथ मंदिर की धार्मिक सांस्कृतिक पुस्तकों की भेंट देकर विदा किया।
फ्रांस के राजदूत इमैनुएल लेनिन बुधवार रात गोरखपुर पहुंचे। डीएम के विजयेंद्र पांडियन ने उनका स्वागत किया। मोहद्दीपुर स्थित एक होटल में रात्रि विश्राम के बाद गुरुवार सुबह वह गोरखनाथ मंदिर पहुंचे। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार और शंखध्वनि के बीच बाबा गोरखनाथ का विधि विधान से दर्शन-पूजन किया। मंदिर की अलौकिक छटा देख वह अभिभूत दिख रहे थे। उन्होंने मंदिर परिसर स्थित सभी देवालयों, अखंड धूनी, ब्रह्मलीन महंतजन की समाधि स्थली पर भी शीश नवाया।