एडवांस लाइफ सपोर्ट (एएलएस) एंबुलेंस की निशुल्क सेवा गंभीर मरीजों के लिए वरदान साबित हो रही है। इस सेवा का लाभ लेने के लिए कोई भी 0522-2466510 पर फोन कर सकता है। यह एंबुलेंस गंभीर रूप से बीमार मरीजों को उच्च चिकित्सा केंद्र पर ले जाने के लिए मिलती है। जिले में आठ महीने के दौरान एएलएस एंबुलेंस से 1,486 गंभीर मरीजों को हायर सेंटर पर पहुंचाया जा चुका है।
इस सेवा का संचालन कर रही मेड केयर 365 मेडिकल सर्विस प्राइवेट लिमिटेड संस्था के जिला समन्वयक रमाकान्त ने बताया कि चिकित्सक द्वारा रेफर किए जाने के बाद गंभीर मरीजों को उच्च केंद्र पर पहुंचाने के लिए एएलएस युक्त चार एंबुलेंस उपलब्ध हैं।
सीएमओ डॉ. आशुतोष कुमार दुबे ने बताया कि गंभीर मरीजों को जिला अस्पताल से बीआरडी मेडिकल कॉलेज और आवश्यकता पड़ने पर बीआरडी से लखनऊ के उच्च चिकित्सा केंद्रों तक इस एंबुलेंस के माध्यम से पहुंचाया जाता है। यह एंबुलेंस निशुल्क है और ऑक्सीजन के साथ आईसीयू की सुविधाओं से लैस है।