शेयर बाजार में रुपये इंवेस्ट कर मुनाफे की लालच में हुई ठगी
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। रामगढ़ताल इलाके के जेमिनी गार्डेनिया में रहने वाले इंजीनियर से दो करोड़ रुपये की जालसाजी हो गई। जालसाज ने शेयर बाजार में रुपये इंवेस्ट करके अधिक मुनाफा कमाने का लालच देकर फंसाया और फिर ठगी की। दो महीने तक रुपये भेजने के बाद अब जब आठ लाख रुपये की और मांग की गई तो उन्हें ठगी का अहसास हुआ। साइबर थाने में इंजीनियर ने केस दर्ज कराया है। पुलिस केस दर्ज कर रुपये वापसी की कोशिश कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, इंजीनियर आशुतोष सिंह ने मंगलवार को साइबर थाने में केस दर्ज कराया। उन्होंने पुलिस को बताया कि करीब दो महीने पहले उनके व्हाट्सएप पर अलग-अलग मोबाइल नंबर से मैसेज आया। उसने खुद को खटनानी, धन एप का कस्टमर सहायता केंद्र का प्रमुख बताया।
विश्वास में लेने के बाद उसने एक वेबसाइट बताया, जिसपर जाने को कहा। उस पर जाने के बाद शेयर खरीदने को कहा। शुरुआत में कुछ फायदा भी दिया, लेकिन फिर धीरे-धीरे करके दो करोड़ रुपये की ठगी कर ली। उसके बताए खातों में इंजीनियर ने कई बार में रुपये भेजे हैं।