काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशंस (सीआईएससीई) के टर्म 2 की परीक्षा का आगाज सोमवार को हुआ। पहले दिन 10वीं के अंग्रेजी विषय की परीक्षा जिले के 19 केंद्रों पर संपन्न हुई। जहां, चार हजार विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। 12वीं की परीक्षा मंगलवार से प्रारंभ होगी।
डेढ़ घंटे की परीक्षा के लिए सुबह 10 बजे से ही विद्यार्थियों के केंद्र पर पहुंचने का सिलसिला प्रारंभ हो गया है। हर केंद्र पर विद्यार्थियों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। मॉस्क, सैनिटाइजर के साथ डिस्टेंसिंग का अनुपालन कराते हुए कक्षा के अंदर भेजा गया। परीक्षा के दौरान किसी भी केंद्र पर कोई अनियमितता नहीं मिली है। 10वीं की परीक्षा 23 मई तक चलेगी। परीक्षा में जिन विद्यार्थियों ने वैक्सीनेशन नहीं कराया था, उन्हें भी शामिल होने का मौका दिया गया।
10 मिनट अतिरिक्त समय मिला
परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों को प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए 10 मिनट का अतिरिक्त समय प्रदान किया गया। सुबह 11 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक परीक्षा का आयोजन हुआ। इंटर की परीक्षा दोपहर 2-3:30 बजे तक होगी।
क्या बोलीं छात्राएं
अच्छे नंबर की उम्मीद
ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों मोड में कक्षाएं चली हैं। इनकी मदद से परीक्षा की तैयारी करने में मदद मिली है। अच्छे नंबर की उम्मीद है। - सेजल सिंह, कार्मल स्कूल
पूरे साल अच्छे से की तैयारी
कोरोना महामारी के चलते संशय था। आखिरकार ऑफलाइन मोड में आयोजित परीक्षा में शामिल होने को लेकर उत्साहित हूं। पूरे साल अच्छे से तैयारी की है। -सौम्या दुबे, कार्मल स्कूल
रिवीजन पर रहा फोकस
परीक्षा की तैयारी कराने में स्कूल के सभी शिक्षकों ने कड़ी मेहनत की है। रिवीजन, प्रीबोर्ड, सैंपल पेपर को हल करके फायदा मिला है। -पलक श्रीवास्तव, कार्मल स्कूल
कोविड प्रोटोकाल का किया पालन
अंग्रेजी का पहला प्रश्नपत्र अच्छा हुआ है। आगे की परीक्षा के लिए भी जमकर तैयार की है। कोविड प्रोटोकॉल का पूरा पालन किया है। -वरीशा खान, कार्मल स्कूल