गोरखपुर जिले में बड़हलगंज इलाके के साहुखोर-सेमरा मार्ग पर मिश्रौली गांव के पास बुधवार रात ग्राहक सेवा केंद्र संचालक मोनू गौड़ से लूट के मामले में अज्ञात पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस की चार टीमें घटना के पर्दाफाश के लिए लगाई गई है, लेकिन दुकान और उसके पास से लूटी गई रकम का हिसाब नहीं मिल रहा है।
मोनू दो लाख रुपये के बारे में पूरी जानकारी नहीं दे पा रहा है। इस वजह से पुलिस को संदेह है कि घटना या तो मारपीट की है या फिर प्रायोजित है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, सेमरा गांव निवासी मोनू की मधुपुर चौराहे पर मोबाइल फोन की दुकान है, इसी में ग्राहक सेवा केंद्र भी चलाते हैं। बुधवार की रात 8:30 बजे के करीब दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहे थे। मिश्रौली गांव के पास बाइक पर सवार तीन-चार युवकों ने रोका और ईंट से हमला कर तमंचा सटा दिया।
इसे भी पढ़ें: बड़ों से बच्चों में फैल रहा वायरल इंफेक्शन...निमोनिया का भी खतरा
बदमाश इसके बाद झोले में रखा दो लाख लेकर फरार हो गए। जाते समय बदमाशों ने मोबाइल फोन भी लूट लिया। एसपी साउथ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस की चार टीमें लगी हैं। रकम के बारे में पूरी जानकारी मोनू नहीं दे पा रहा है। जांच व साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।