मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोरोना के थर्ड वेव को काबू में करने के साथ ही इंसेफेलाइटिस नियंत्रण की तैयारियां भी करनी होंगी। इंसेफेलाइटिस के लिए संवेदनशील बरसात का मौसम शुरू होने वाला है। गोरखपुर-बस्ती मंडल के जिले पूर्व में इससे प्रभावित होते थे। ऐसे में जिला अस्पतालों की पीआईसीयू (पीकू) व सीएचसी की मिनी पीकू को क्रियाशील किया जा रहा है। इंसेफेलाइटिस से हम मृत्यु दर को 95 फीसद कम करने में सफल हुए हैं।
उन्होंने कहा कि इंसेफेलाइटिस ट्रीटमेंट सेंटर, सब सेंटर के अलावा सैकड़ों की संख्या में हेल्थ वेलनेस सेंटर हैं, ऐसे में हमें इस पर और नियंत्रण में निश्चित ही कामयाबी मिलेगी। सीएम ने कहा कि कोरोना के थर्ड वेव आए बच्चों को बचाने के लिए अभी से दवा-इलाज की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि कोविड के थर्ड वेव से बच्चों को बचाने के लिए देवरिया में 15 बेड का एक पीकू वार्ड पहले से है। इसके अलावा 20 बेड कब नए पीकू वार्ड देवरिया एवं लार में स्थापना की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि हर सीएचसी-पीएचसी गतिविधियों का केंद्र बने। वहां जांच, इलाज व टीकाकरण की सुविधा हो। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से एक सीएचसी या पीएचसी गोद लेने की अपील भी की। सीएम ने कहा कि कोविड के सेकेंड वेव में ऑक्सीजन की कमी को देखते हुए ऑक्सीजन एक्सप्रेस ट्रेनों व वायुसेना के विमानों से टैंकर लिफ्ट कराकर हर अस्पताल और हर जरूरतमंद तक ऑक्सीजन की आपूर्ति सुनिश्चित की गई। अब फोकस हर जिले को इस परिप्रेक्ष्य में आत्मनिर्भर बनाने पर है। 20 हजार ऑक्सीजन कंसेंट्रेटर मंगाए गए हैं, इतने और नए मंगाए जा रहे हैं। सरकार सभी मेडिकल कॉलेजों में लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन प्लांट स्थापित करा रही है।
सीएम योगी के कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि एक जून से पूरे प्रदेश में 18 वर्ष से ऊपर के लोगों को टीका लगने लगेगा। थर्ड वेव में बच्चों की सुरक्षा के लिए उनके अभिभावकों के लिए हर जिले में स्पेशल कंसंट्रेटर बनेंगे। आने वाले समय पर 12 से 18 वर्ष आयु वर्ग को भी टीका लगेगा। इसके साथ ही न्यायिक अधिकारियों व मीडियाकर्मियों के लिए भी टीकाकरण की अलग से व्यवस्था की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी में 1.81 करोड़ लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। इनमें 13.65 लाख युवा हैं। उन्होंने कहा कि गांवों में अब भी कुछ लोग जांच व टीका लगवाने में संकोच कर रहे हैं। मीडिया के बंधु इसमें प्रेरक की भूमिका निभा सकते हैं।
हेलीपैड पर हुआ मुख्यमंत्री का स्वागत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के देवरिया आगमन पर पुलिस लाइन देवरिया हेलीपैड पर सदर सांसद डॉ. रमापति राम त्रिपाठी, सांसद सलेमपुर रविंद्र कुशवाहा, जिले के प्रभारी मंत्री श्रीराम चौहान, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, राज्य मंत्री जयप्रकाश निषाद, गन्ना विकास संस्थान लखनऊ के उपाध्यक्ष नीरज शाही, सदर विधायक डॉ. सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी, बरहज विधायक सुरेश तिवारी, सलेमपुर विधायक काली प्रसाद, क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ धर्मेंद्र सिंह, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष छट्ठे लाल निगम, हरिचरण कुशवाहा, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ.अंतर्यामी सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष अलका सिंह, भाजपा नेता जितेंद्र प्रताप राव, राजकुमार शाही, प्रमोद शाही, सत्येन्द्र मणि त्रिपाठी, अंबिकेश पाण्डेय, रमेश सिंह, त्रिगुनायक विश्वकर्मा, प्रमोद सिंह, हियुवा के जिलाध्यक्ष मुन्ना राय, अमित सिंह बबलू आदि ने स्वागत किया।