गोरखपुर जिले में चार नई नगर पंचायतें बनाई जाएंगी। इनमें उरुवा, खजनी, बेलघाट व घघसरा का नाम शामिल है। सभी को नगर पंचायत बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। खजनी नगर पंचायत में कौन-कौन सी पंचायतें शामिल होंगी, शासन ने इसका नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया है। वहीं, पीपीगंज, बड़हलगंज, गोला, पिपराइच व मुंडेरा बाजार नगर पंचायतों का विस्तार किया जाएगा।
चार नई नगर पंचायतें बनने के बाद जिले में नगर पंचायतों की संख्या बढ़कर 13 हो जाएगी। उरुवां, घघसरा को नगर पंचायत बनाने की कवायद चल रही है। प्रक्रिया के कई चरण पूरे भी किए जा चुके हैं। अब खजनी व बेलघाट को भी इस सूची में शामिल किया गया है। इनमें से ज्यादातर क्षेत्र जिले के दक्षिणांचल से जुड़े हैं, जो विकास के मामले में अभी भी बाकी क्षेत्रों की तुलना में पिछड़े हैं।