देवरिया जिले में जागरूकता के बाद भी जिले में कोरोना से बचाव का तरीका लोग नहीं अपना रहे हैं। रविवार को बीस लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इलाज के दौरान चार लोगों की कोरोना से मौत हो गई। जिले में संक्रमितों की संख्या 5420 हो गई है। कोरोना से अभी तक 67 लोगों की मौत हो चुकी है। 709 लोगों का इलाज चल रहा है।
बैतालपुर पीएचसी के एक डॉक्टर की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। विकास भवन के डीसी मनरेगा की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इनके संपर्क में रहने वाले कार्यालय के कर्मचारियों की चिंता बढ़ गई है। सभी लोगों को कोरोना जांच के लिए निर्देश दिया गया है।
विकास भवन के एक और कर्मचारी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। साकेत नगर के एक, अड़िला के दो, सोनूघाट के एक, सिंचाई विभाग के एक, बारीपुर के एक, चोरडिहा के एक, रुद्रपुर के यूनियन बैंक के एक कर्मचारी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
पकड़ी खुर्द गांव के 76 वर्षीय बुजुर्ग, भटनी दादन के 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई है। इसके अलावा जिले के रहने वाले दो और संक्रमित बुजुर्गों का इलाज बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर, सिटी अस्पताल गोरखपुर में चल रहा था, जिसकी मौत हो गई है। सीएमओ डॉ. आलोक पांडेय ने बताया कि चार संक्रमितों की मौत हुई है।