गोरखपुर जिले में रामगढ़ताल इलाके के तारामंडल के पास सोमवार रात में प्रिंस पासवान पर चाकू से हमला करने के चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। केस दर्ज कर पुलिस ने मंगलवार को आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान रामगढ़ताल इलाके के महेवा निवासी धनंजय पांडेय, बांसगांव के मरवटिया पट्टी निवासी सम्राट सिंह, यहीं के प्रिंस सिंह व नहर रोड निवासी आदित्य ओझा के रूप में हुई।
प्रभारी निरीक्षक सुधीर सिंह ने बताया कि इंद्रानगर निवासी 22 वर्षीय प्रिंस पासवान से एक सप्ताह पहले रुस्तमपुर के रहने वाले युवकों से विवाद हुआ था। आरोप है कि मारपीट में गाड़ी का शीशा टूट गया था। सोमवार शाम सात बजे प्रिंस पासवान बाइक लेकर तारामंडल में सरमाउंट स्कूल के पास चौराहे पर खड़ा था। इसी दौरान कार से पहुंचे पांच युवकों ने घेर लिया। पिटाई करने के साथ ही उन्होंने चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने प्रिंस को अस्पताल में भर्ती कराया।