संवाद न्यूज एजेंसी
बड़हलगंज। संगठित अपराधों पर अंकुश लगाने एवं अपराधियों की गिरफ्तारी के अभियान के तहत बड़हलगंज थाना क्षेत्र में चार अपराधियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। यह आरोपी विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करते थे।
प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार राय ने बताया कि गैंग लीडर लाल बहादुर यादव निवासी छपिया उमराव और उसके गिरोह के गुर्गे धर्मेंद्र साहनी (दवनाडीह), रामप्रताप यादव (बहलोलपुर) और संदीप यादव (दुबौली) लोगों को विदेश भेजने के नाम पर ठगी और जालसाजी जैसे जघन्य अपराध करते हैं। गिरोह के सरगना और अन्य गुर्गों के कारण क्षेत्र में जनमानस में भय और आतंक का माहौल व्याप्त है। जिला मजिस्ट्रेट की ओर से अनुमोदित गैंग चार्ट के आधार पर इन चारों के खिलाफ बड़हलगंज कोतवाली में गैंगस्टर एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। कोतवाल सुनील कुमार राय ने बताया कि आरोपियों पर पहले से भी कई मामले दर्ज हैं।
लाल बहादुर यादव पर सात, धर्मेंद्र साहनी पर पांच, रामप्रताप यादव पर तीन और संदीप यादव पर दो मामले पहले से पंजीकृत हैं।