गुलरिहा में बाइक चोरी गिरोह का सरगना गिरफ्तार। स्रोत : पुलिस
- बीआरडी मेडिकल कॉलेज और उसके आसपास से करते थे बाइक चोरी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुलरिहा। गुलरिहा पुलिस ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज व उसके आसपास से बाइक चोरी के दो आरोपियों श्यामसुदंर व विकास के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। शनिवार रात पुलिस ने बाइक चोर गिरोह के सरगना श्यामसुंदर चौहान को मेडिकल कॉलेज के सामने से गिरफ्तार कर लिया। रविवार को उसे विशेष कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ गुलरिहा, चिलुआताल और पिपराइच थाने में गैंगस्टर एक्ट सहित कुल नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, गिरोह के सक्रिय गुर्गे विकास चौहान की तलाश पुलिस कर रही है।
जानकारी के अनुसार गुलरिहा, चिलुआताल और पिपराइच क्षेत्रों में लगातार बाइक चोरी की घटनाएं हो रही थीं। 13 अक्तूबर 2025 की रात गुलरिहा पुलिस झुंगिया चुंगी पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उनकी पहचान चिलुआताल क्षेत्र के मोहरीपुर टोला संझाई निवासी श्यामसुंदर चौहान और विकास चौहान के रूप में हुई। दोनों आरोपी पिछले कुछ महीनों से मेडिकल कॉलेज, सिटी अस्पताल, झुंगिया बाजार, फर्टिलाइजर रोड आदि स्थानों से बाइक चोरी कर रामपुर बुजुर्ग स्थित लक्ष्य रिजॉर्ट के सामने एक खंडहर में छिपा देते थे। पकड़े जाने से बचने के लिए वे वाहनों की नंबर प्लेट बदल देते थे और फिर दूसरी बाइक चोरी करते थे। बाद में चोरी की गाड़ियों को दूसरे जिलों में ले जाकर सस्ते दामों में बेच देते थे। जेल से छूटने के बाद भी चोरी की घटनाओं में उनकी संलिप्तता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि इसी क्रम में गिरोह के सरगना श्यामसुंदर चौहान को गिरफ्तार किया गया।