कुवैत से कमाकर लौट रहे कुशीनगर के युवक से जहरखुरानी कर लूट करने के चार आरोपियों को कैंट पुलिस ने मंगलवार को नंदानगर अंडरपास के पास गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास चोरी किए गए सामान, घटना में इस्तेमाल ऑटो और 200 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद किया गया है। आरोपियों को पकड़ने वाली टीम को एसएसपी ने दस हजार रुपये का इनाम दिया है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान पड़रौना के रामकोला रोड निवासी मनीष जायसवाल उर्फ निक्कू, अलीनगर के राजेश कुमार गुप्ता, मदरहवा निवासी उमेश ओझा और खोराबार के विपिन पासवान के रूप में हुई है। कैंट इंस्पेक्टर शशिभूषण राय के मुताबिक, कुशीनगर के तुर्कपट्टी थाना के पगरा परसादगिरी गांव निवासी पप्पू गुप्ता 11 मार्च 2022 को कुवैत से कमाकर दो वर्ष बाद वापस घर आ रहे थे।
चार बजे शाम को एयरपोर्ट गोरखपुर पर वह उतरे। वहां से वह ऑटो बुक कर रोडवेज बस स्टैंड आए। रोडवेज बस स्टैंड पर एक ऑटो चालक पीछे-पीछे लग गया और उन्हें घर तक छोड़ने की बात कह रहा था। उसने 600 रुपये भाड़े पर घर तक छोड़ने के लिए पप्पू गुप्ता को सामान के साथ ऑटो में बैठा लिया।
कुछ दूर जाने पर उसके तीन साथी और ऑटो में बैठ गए। खोराबार के कुसम्ही जंगल के पास चालक ने कोल्ड ड्रिंक पीने की इच्छा जाहिर की। जिसके बाद उसके साथ बैठे एक व्यक्ति ने उतरकर कोल्ड ड्रिंक की बोतल खरीदी और सभी को गिलास में निकालकर दे दिया। कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद पप्पू गुप्ता बेहोश हो गए। जिसके बाद पप्पू का पूरा सामान लेकर ऑटो चालक और उसके साथी फरार हो गए थे। 11 मर्च को कैंट थाने में परिजनों ने केस दर्ज कराया था।
पहले भी जेल जा चुके है बदमाश
चारों बदमाश गोरखपुर, महराजगंज, देवरिया और कुशीनगर में घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। उनको कोल्ड ड्रिंक या चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर सारा सामान लेकर चले जाते हैं। इसके पहले भी चारों जेल जा चुके हैं। पकड़े गए आरोपी मनीष जायसवाल उर्फ निक्कू पर छह केस, राजेश कुमार गुप्ता पर तीन केस, उमेश ओझा पर दो केस और विपिन पासवान पर दो केस दर्ज हैं। पुलिस ने इनके पास से 6 विदेशी टार्च, कलाई घड़ी, दीवार घड़ी, मोबाइल, टाफी, काजू, कागजात व बैग और 200 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद किया है। पुलिस ने घटना में प्रयोग किया गया ऑटो भी बरामद किया है।