- स्टोर आईडी हैक कर फर्जी किस्तें दिखाकर डेढ़ लाख की हेराफेरी
- एडीजी के निर्देश पर शाहपुर पुलिस की कार्रवाई, दो पूर्व कर्मचारियों पर प्राथमिकी
पादरी बाजार (गोरखपुर)। शाहपुर थाना क्षेत्र के बशारतपुर स्थित ज्वेलरी शॉप की स्टोर आईडी हैक कर फर्जी तरीके से रकम जमा दिखाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दुकान के पूर्व कर्मचारियों ने करीब डेढ़ लाख रुपये की हेराफेरी की। एडीजी के निर्देश पर शाहपुर पुलिस ने दोनों पूर्व कर्मचारियों आकाश पटवा और हांसूपुर निवासी कृष्णा वर्मा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
देवरिया के भुजौंली कॉलोनी निवासी शशांक प्रताप सिंह ने एडीजी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनकी ज्वेलरी शॉप बशारतपुर में पुरानी पेट्रोल पंप के सामने मियां-भाई तनिष्क के नाम से जून 2024 से संचालित है। दुकान पर बसीयारी टोला बसंतपुर निवासी आकाश पटवा और हांसूपुर निवासी कृष्णा वर्मा कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे।
आरोप है कि कुछ माह पहले दोनों कर्मचारियों की ओर से 50 हजार रुपये की हेराफेरी किए जाने पर उन्हें काम से निकाल दिया गया था। आरोप है कि इसके बाद दोनों ने दुकान की कार्यप्रणाली की जानकारी का दुरुपयोग करते हुए स्टोर आईडी हैक कर दी। दुकान में ग्राहकों के लिए मासिक किस्त योजना चलती है, जिसके तहत ग्राहक किस्तों में रुपया जमा कर बाद में गहने खरीदते हैं। आरोपियों ने इसी प्रणाली का गलत इस्तेमाल करते हुए एक फर्जी कस्टमर आईडी बनाई और दीक्षा राव के नाम से आधार और पैन कार्ड का इस्तेमाल कर जनवरी-फरवरी में तीन किस्तों में करीब 94 हजार रुपये जमा दिखा दिए।
जांच के दौरान पता चला कि दीक्षा नाम की कोई महिला उस समय दुकान पर नहीं आई थी और न ही सीसीटीवी में दिखाई दी। इससे दुकानदार को आईडी हैक होने का शक हुआ। पीड़ित की शिकायत पर एडीजी के निर्देश के बाद शाहपुर पुलिस ने शुक्रवार शाम दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी चंद्रभान सिंह के अनुसार, मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।