गोरखपुर के भू-माफिया ओम प्रकाश पांडेय के खिलाफ कैंट पुलिस ने तीन और एफआईआर दर्ज की है। शिकायत लेकर पहुंचे तीनों लोगों के साथ ओमप्रकाश ने जमीन के नाम पर जालसाजी की है। कैंट पुलिस का दावा है कि वह आरोपी की तलाश में लगी है। दावे के उलट, अभी तक नतीजा शून्य है।
कई मुकदमे दर्ज होने के बावजूद ओम प्रकाश पांडेय की गिरफ्तारी न होने पर पीड़ितों का आरोप है कि उसे कोई प्रभावशाली व्यक्ति बचा रहा है, वरना पुलिस चाहे और वह पकड़ में न आए, ऐसा संभव नहीं है। गौरतलब है कि यह वही शख्स है जिसकी शिकायत पर सीएम योगी ने शहर में जनता दर्शन के दौरान अधिकारियों से सवाल किया था कि क्या अब भी भू-माफिया बचे हुए हैं? इसके बाद हड़बड़ाई पुलिस ने पीड़ित स्रद्ध शिकायत पर ताबड़तोड़ कार्रवाई तो की मगर उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
जानकारी के मुताबिक, इस बार बिछिया निवासी बबिता, बिहार के सिवान की रेणु सिंह और देवरिया की बबिता द्विवेदी की तहरीर पर जालसाजी का केस दर्ज किया गया है। तीनों का एक ही आरोप है कि जमीन की रजिस्ट्री करा ली है, लेकिन अभी तक कब्जा नहीं मिल पाया है। पीड़ितों ने कमिश्नर से गुहार लगाई थी। कमिश्नर के आदेश पर केस दर्ज कर कैंट पुलिस जांच कर रही है। आरोपित पर पुलिस गैंगस्टर के तहत कार्रवाई भी कर चुकी है। पीड़ितों का कहना है कि उन्हें पता चला है कि ओमप्रकाश के पास जितनी जमीन थी, उससे ज्यादा लोगों को जालसाजी कर बेच चुका है।
मुख्यमंत्री के जनता दर्शन में महिला ने की थी शिकायत
पांच अगस्त 2021 को मुख्यमंत्री के जनता दर्शन में पहुंची बिंदू ने कैंट इलाके के ओमप्रकाश पांडेय पर जमीन हड़पने का आरोप लगाया था। यह सुनने के बाद तब सीएम बोल पड़े थे कि अब भी गोरखपुर में भू माफिया बचे हैं क्या? यह सुनने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अफसर भी सकते में आ गए थे। इसके बाद ही पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई तेज की थी।
ओमप्रकाश पर तीन महीने में 14 केस
भू-माफिया ओमप्रकाश पर तीन महीने में जालसाजी के 14 केस दर्ज किए जा चुके हैं। 30 अगस्त को पूर्व नौसैनिक मनीष कुमार मिश्रा ने केस दर्ज कराया था। कुशीनगर के कसया क्षेत्र के वरवा सुकदेव निवासी दुर्गावती देवी, रमेश मिश्रा, किरन राय, लक्ष्मीपुर बुजुर्ग निवासी अलका पांडेय, कुबेरस्थान के सिंहन, जोड़ी निवासी मंजू देवी और कोहरवलिया निवासी मीरा देवी ने केस दर्ज कराया था। अब फिर से छह लोगों की तहरीर पर केस दर्ज गया है।
23 अगस्त को दर्ज हुआ था गैंगस्टर का केस
23 अगस्त को कैंट इंस्पेक्टर सुधीर सिंह की तहरीर पर पुलिस ने भू-माफिया ओमप्रकाश और उसके तीन अन्य साथियों पर गैंगस्टर के तहत कार्रवाई की थी। पुलिस ने ओमप्रकाश के अलावा सनी देवल, धीरज साहनी, संजय पर गैंगस्टर के तहत कार्रवाई की थी। तभी से वह फरार चल रहा है।