गोरखपुर। जिले में सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पांच प्रमुख नहरों की सफाई कराई जाएगी। 583 किलोमीटर लंबाई में इन नहरों की सफाई होने से अंतिम छोर तक किसानों का पानी मिलेगा। इसके लिए शासन से 1 करोड़ 30 लाख रुपये की धनराशि को मंजूरी मिली है।
डीएम दीपक मीणा ने बृहस्पतिवार को सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर सफाई कार्य को बेहतर और व्यवस्थित ढंग से कराने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि सिंचाई व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए नहरों की नियमित सफाई आवश्यक है। नहरों में जमा सिल्ट, झाड़-झंखाड़ और अन्य अवरोधों को हटाएं। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि टेंडर प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी हो और कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया जाए।
सिंचाई विभाग की कार्ययोजना के मुताबिक, जिन नहरों की सफाई होनी है उसमें सरयू मुख्य नहर, गोला-रजबहा के बीच चौधरी चरण सिंह गोला पंप नहर, राप्ती नहर प्रणाली, घाघरा और सरयू नहर की विभिन्न शाखाएं एवं रोहिन और गोर्रा नदी आधारित स्थानीय नहरें शामिल हैं।