उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में लॉकडाउन के दौरान नौकरी गंवाने के बाद युवक ने व्यापार शुरू किया तो महज 4300 रुपये की उधारी ना लौटाने पर ठेकेदार ने पांच घंटे तक उसे बंधक बनाए रखा। युवक ने अपना वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया। इसके बाद उसे छोड़ा गया। हालांकि पास में फोन होते हुए भी युवक ने पुलिस को इसकी सूचना क्यों नहीं दी यह समझ से परे है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, शाहपुर, इंद्रप्रस्थपुरम कॉलोनी निवासी विनोद शर्मा के बेटे आदित्य शर्मा की लॉकडाउन में नौकरी चली गई थी। उन्होंने पानी का व्यापार शुरू किया। चिलुआताल इलाके के स्पोर्ट्स कॉलेज रोड स्थित कोईलहवा में आरओ वाटर प्लांट से वह पानी लेकर लोगों के घरों में सप्लाई देते थे। लेकिन पानी लेने वाले कई ग्राहकों ने विनोद का बकाया लगा दिया। जिस वजह से पानी के प्लांट का बकाया आदित्य नहीं चुका पाए। तभी से ठेकेदार और उसके कर्मचारी आदित्य की तलाश कर रहे थे।
आरोप है कि मंगलवार को वह उन्हें मिल गए तो उन्हें मारते-पीटते हुए कमरे में बंद कर दिया गया। उनसे बकाया रकम देने के बाद ही छोड़ने की बात कही गई। आरओ वाटर प्लांट के पास बने गोदाम में पांच घंटे तक आदित्य एक कमरे में बंद रहे। इस बीच उन्होंने अपना मोबाइल नंबर और वीडियो शेयर करते हुए मदद की गुहार लगाई। देर शाम ठेकेदार ने उन्हें छोड़ दिया तो पुलिस को सूचना दिए बिना ही वह घर पहुंच गए।