देवरिया जिले के रामपुर कारखाना के आनंदनगर चौराहे पर गुरुवार सुबह दस बजे एक वेल्डिंग की दुकान से उठी चिंगारी से दो दुकानों में आग लग गई। जिससे उसमें रखा सामान जलकर नष्ट राख हो गया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने आग पर काबू पाया। घटना में पांच लाख से अधिक की क्षति बताई जा रही है।
क्षेत्र के आनंदनगर चौराहे पर कुशीनगर के अहिरौली गांव के मनोज विश्वकर्मा की वेल्डिंग की दुकान है। बगल में सोनबरसा गांव के राघव यादव की डीजल पेट्रोल की दुकान है। बृहस्पतिवार सुबह मनोज अपनी दुकान पर वेल्डिंग कर रहे थे। इसी बीच वहां से छिटकी चिंगारी बगल में राघव की दुकान में रखे डीजल के एक ड्रम पर जाकर गिर गई। इससे उसमें आग लग गई। राघव दुकान के अंदर ही थे।
दुकान अग्निशमन यंत्र भी रखा हुआ था, लेकिन घबराहट में वह उसका प्रयोग आग बुझाने के लिए नहीं कर पाए। देेखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपने आगोश में ले लिया। उसमें रखा सात ड्रम डीजल, करीब पांच हजार नकदी सहित लगभग पांच लाख रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।