गोरखपुर जिले में पीपीगंज रेलवे स्टेशन के पास गोरखपुर-पनवेल एक्सप्रेस के इंजन के पहिए में ब्रेक जाम होने से चिंगारी निकलने लगी और कुछ ही देर में पहिया आग की लपटों में घिर गया। ट्रैकमैन ने इसकी सूचना स्टेशन मास्टर तथा यात्रियों ने ट्रेन में आरपीएफ को दी। इसके बाद ट्रेन रुकवाकर आग बुझाई गई। ब्रेक की गड़बड़ी को ठीक कराकर ट्रेन करीब एक घंटे की देरी से रवाना की गई। जिसके बाद सभी ने राहत की सांस ली। रेल प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
मंगलवार की सुबह 5:40 बजे 15065 गोरखपुर-पनवेल एक्सप्रेस प्लेटफाॅर्म 9 से रवाना हुई। ट्रेन पीपीगंज पहुंचने वाली थी कि ट्रैक पर काम कर रहे ट्रैकमैन ने पहिए से धुंआ उठते देखा। इसकी जानकारी उसने स्टेशन मास्टर को दी। वॉकी-टॉकी से चालक और गार्ड को सूचना दी गई। चालक ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेन तत्काल रोक दी। जानकारी पाकर वहां आरपीएफ जवान के साथ ही रेलकर्मी भी पहुंच गए।
इसे भी पढ़ें: एक अप्रैल को निरस्त रहेंगी चार ट्रेनें, रास्ता बदलकर चलेंगी आठ ट्रेनें
मौके पर मौजूद आरपीएफ के एक जवान ने पॉवर कार कोच से फायर इंस्टीग्यूसर निकाल कर आग को बुझा दिया। आग बुझने के बाद कर्मचारियों ने ब्रेक को काट कर अलग किया और फिर कंट्रोल से क्लीयरेंस लेने के बाद गाड़ी चलवाई। इस दौरान करीब एक घंटे ट्रेन पीपीगंज में रुकी रही। रेल कर्मचारियों के मुताबिक अगर समय पर ट्रेन नहीं रुकती और आग को नहीं बुझाया जाता तो आग की लपटें कोच तक पहुंच सकती थीं।
एनईआर सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह ने कहा कि गोरखपुर-पनवेल एक्सप्रेस में ब्रेक बैंडिंग (चिपकना) हो गई थी। जिसके चलते चिंगारी निकलने लगी। जिसे पीपीगंज में ठीक करा लिया गया। सीनियर सुपरवाइजर के नेतृत्व में तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर दी गई है। यह टीम आग के कारणों का पता लगाकर रिपोर्ट देगी।