अग्निशमन विभाग के जवानों ने किसी तरह आग पर काबू पाया।
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर कोतवाली इलाके के छठी माई मंदिर के पास स्थित एक बहुमंजिला इमारत की पार्किंग में बृहस्पतिवार रात आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और आग पर काबू पाया। टीम ने पिंजड़े में फंसे दो बेजुबान जानवरों को भी सुरक्षित बचा लिया।
जानकारी के मुताबिक, छठी माई मंदिर के पास अजय कुमार जायसवाल के बने हाई राइज अपार्टमेंट (मकान संख्या_21) की पार्किंग में नीचे जीने के पास पार्क कार में आग लग गई। आग के कारण पूरी बिल्डिंग में धुआं भर गया। एक ही जीना होने व धुआं भर जाने से काफी लोग बिल्डिंग के अंदर फंस गए थे।
पार्क कार के ऊपर बनी दुछत्ती पर लोहे के पिंजरे में दो पालतू कुते (ब्राउनी व स्कूबी) भी फंसे हुए थे। सीएफओ डीके सिंह ने दमकल कर्मियों के साथ सुरक्षा उपकरण पहनकर बिल्डिंग के अंदर जाकर सभी लोगों का रेस्क्यू करते हुए ऊपर छत पर पहुंचाया। साथ ही पिंजरा काटकर दोनों कुत्तों को सुरक्षित बाहर निकाला। आग के पूरे भवन में फैलने से पहले ही उसे बुझा दिया गया।