- गुलरिहा थाना क्षेत्र की घटना, पुलिस कर रही जांच
गुलरिहा। थाना क्षेत्र एक कॉलोनी में घर के पास 15 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म और उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक वीडियो वायरल करने की धमकी देकर किशोरी को घटना की जानकारी किसी को देने से रोक रहा था। पुलिस से शिकायत की जानकारी होने पर उसने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। एसएसपी के आदेश पर गुलरिहा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, क्षेत्र के एक गांव की किशोरी ननिहाल में रहकर पढ़ाई करती है। उसके पिता का आरोप है कि उनके घर के सामने रहने वाला आकाश उर्फ निरहू किशोरी पर बुरी नजर रखता था। आरोप है कि 12 अगस्त की रात करीब नौ बजे किशोरी नित्य क्रिया के लिए नहर की ओर गई थी। इसी दौरान आरोपी उसका पीछा करते हुए वहां पहुंचा और उसे खेत में ले गया। आरोप है कि वहां उसने दुष्कर्म किया और वीडियो बना लिया। साथ ही किसी को बताने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी।
किशोरी ने घर पहुंचकर परिजन को घटना की जानकारी दी। पिता के साथ पुलिस से शिकायत करने पहुंचने की जानकारी मिलते ही आरोपी ने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करना शुरू कर दिया। पिता ने पहले गुलरिहा थाने में शिकायत की लेकिन कार्रवाई न होने पर एसएसपी से गुहार लगाई। प्रभारी निरीक्षक जेपी पाल ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।