बांसगांव । भटवली बाजार इंटरमीडिएट कॉलेज के तत्वावधान में 70वीं जनपदीय वालीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन बृहस्पतिवार को विद्यालय परिसर में किया गया। प्रतियोगिता के अंडर-14 में सहजनवां और अंडर-17 महानगर विजेता बना।
प्रतियोगिता के परिणाम के अनुसार बालिका वर्ग अंडर-14 में सहजनवां विजेता और महानगर गोरखपुर उपविजेता बना। अंडर-17 में महानगर विजेता और सहजनवां उपविजेता रहा जबकि अंडर-19 में महानगर विजेता और खजनी उपविजेता रहा। बालक वर्ग के अंडर-14 और अंडर-17 में महानगर विजेता और खजनी उपविजेता रहा।
मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश गुप्ता ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का प्रभावी माध्यम हैं। खेलों से अनुशासन, धैर्य, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने खिलाड़ियों से जनपद स्तर से आगे बढ़कर मंडल, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा प्रदर्शित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रबंधक श्रीमती प्रियंका सिंह ने की। उन्होंने कहा कि शिक्षा और खेल एक-दूसरे के पूरक हैं। विद्यालयों की जिम्मेदारी है कि विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभा को पहचान कर उन्हें उचित मंच और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए।
विशिष्ट अतिथि माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष श्याम नारायण सिंह ने कहा कि खेल स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने बेहतरीन सर्विस, स्मैश और डिफेंस का प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित किया।
इस अवसर पर माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री दुर्गेश कुमार मिश्र, रमेंद्र प्रताप चंद, अयोध्या प्रसाद राय, रणविजय मल्ल सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक, खेल शिक्षक व टीम मैनेजर मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन चन्द्रमणि ओझा, शैलेन्द्र कुमार पाठक एवं जयहिंद यादव ने किया। प्रधानाचार्य धर्मेंद्र कुमार ने अतिथियों, निर्णायकों, खिलाड़ियों और सहयोगियों के प्रति आभार जताया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में विद्यालय परिवार के सदस्यों का विशेष योगदान रहा।