- किशोरी को काफी दिनों से परेशान करने और फोन पर अश्लील बातें करने का आरोप
- पुलिस ने छात्रा के पिता की तहरीर पर की कार्रवाई, आरोपी की तलाश में दबिश
गोला। क्षेत्र के एक निजी विद्यालय के प्रबंधक और किशोरी छात्रा के बीच बातचीत का आपत्तिजनक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में पुलिस ने प्रबंधक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। किशोरी के पिता ने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि प्रबंधक उनकी बेटी को काफी दिनों से परेशान कर रहा था। वह फोन पर अश्लील बातें करता था और बाद में बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वायरल ऑडियो में प्रबंधक छात्रा से पढ़ाई और भविष्य को लेकर बातचीत करती सुनाई दे रही है। इसके बाद बातचीत आपत्तिजनक होने और छात्रा पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने की बात सामने आ रही है। ऑडियो में छात्रा अपनी पढ़ाई जारी रखने की बात कहती सुनाई दे रही है और किसी भी आपत्तिजनक शर्त को स्वीकार नहीं करने की बात कह रही है। पुलिस के मुताबिक, छात्रा के पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी प्रबंधक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सीओ गोला दरवेश कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस वायरल ऑडियो और लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।