हरपुर बुदहट। हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के एक गांव में किशोरी को शादी का झांसा देकर ले जाने का मामला सामने आया है। किशोरी की मां की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि विरोध करने पर परिवार के लोगों के साथ मारपीट और धमकी भी दी गई। पुलिस किशोरी की तलाश कर रही है।
किशोरी की मां ने तहरीर में बताया कि 14 जून की शाम करीब पांच बजे उसकी बेटी अपनी छोटी बहन और भांजी के साथ गांव के पोखरे की ओर गई थी। लौटते समय रास्ते में चांदपार गांव निवासी मुकेश ने उसकी बेटी को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। पीड़िता की मां के अनुसार, इस दौरान आरोपी ने किशोरी के गले में मंगलसूत्र पहनाया और मांग में सिंदूर भी भर दिया। यह देखकर साथ मौजूद भांजी ने शोर मचाया तो परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए।
आरोप है कि वहां मौजूद मुकेश, उसके भाई नीरज, पिता अनिल और अनिल की पत्नी संजू देवी ने विरोध करने पर गाली-गलौज की और मारपीट की। तहरीर के आधार पर हरपुर बुदहट पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
सीओ गीडा योगेंद्र सिंह ने बताया कि किशोरी की तलाश की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।