फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gorakhpur News: करंट से तीन की मौत के मामले में जेई-एसएसओ समेत पांच पर प्राथमिकी

विज्ञापन
विज्ञापन
गुलरिहा (गोरखपुर)। जंगल अयोध्या प्रसाद के रजई चौराहे पर दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत के मामले में गुलरिहा पुलिस ने बृहस्पतिवार को बिजली विभाग के पांच कर्मियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। मृतक चंदन के भाई दिनेश चौहान की तहरीर पर दर्ज प्राथमिकी में अवर अभियंता (जेई) निकेतन गुप्ता, एसएसओ सुनील मौर्या और संविदा लाइनमैन अजय मौर्या, बृजेश कुमार व गंगा निषाद को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने एसएसओ सुनील मौर्या और ड्यूटी कर रहे एक अन्य कर्मचारी को हिरासत में ले लिया है।
विज्ञापन

दिनेश के मुताबिक, बुधवार शाम करीब 4:30 बजे गांव के लोग दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए जा रहे थे। उनके छोटे भाई चंदन (16), भतीजे लक्की (20) और विक्की (18) भी जुलूस में शामिल थे। विसर्जन के दौरान बिजली आपूर्ति बंद रखने के लिए विभाग को पहले ही सूचना दी गई थी। आरोप है कि प्रतिमा रजई चौराहे पर पहुंची तो पहले से बंद हाईटेंशन लाइन की आपूर्ति चालू कर दी गई।
इससे चंदन, लक्की और विक्की, वीरेंद्र विश्वकर्मा, शिवानी चौहान, प्रियांशु, नंदनी, मोनू, शांतनु, अनिल भारती, सत्यवान चौहान, रामदास की पत्नी पुष्पा, अनिल, अंशिका, अंशु व ड्यूटी पर तैनात दो सिपाही सलमान और धनंजय पांडेय करंट की चपेट में आकर झुलस गए। हादसे में चंदन, लक्की और विक्की की मौत हो गई थी।
विज्ञापन

मृतक के भाई ने आरोप लगाया है कि बिजली विभाग के कर्मियों ने जानबूझकर और सुनियोजित तरीके से आपूर्ति चालू कर तीनों की जान ली। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसके साथ ही दो बिजली कर्मचारी सुनील मौर्या और रामकेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।



एक साल पहले बिजली आपूर्ति को लेकर हुआ था विवाद, होगी जांच
दिनेश चौहान ने तहरीर में पुराने विवाद का भी जिक्र किया है। आरोप है कि सितंबर 2025 में जंगल अयोध्या के भक्तियहवा टोले में बारिश के दौरान चौहान टोले की बिजली आपूर्ति करीब 50 घंटे तक ठप रही थी। ग्रामीणों का आरोप था कि कई बार शिकायत के बावजूद आपूर्ति बहाल नहीं की गई। इसी बात को लेकर चौहान टोले के कुछ युवकों और लाइनमैन अजय मौर्या व बृजेश कुमार के बीच कहासुनी और मारपीट हुई थी। मामले में दोनों पक्षों की ओर से गुलरिहा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। दिनेश का आरोप है कि उस विवाद के बाद अजय मौर्या और बृजेश कुमार ने जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस अब पुराने विवाद और मौजूदा हादसे के बीच किसी संबंध के आरोप की भी जांच करेगी।



मेडिकल कॉलेज पहुंचे केंद्रीय मंत्री समेत कई जनप्रतिनिधि
गोरखपुर। जंगल अयोध्या प्रसाद में मूर्ति विसर्जन के दौरान करंट से झुलसे लोगों का हाल जानने के लिए केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान समेत कई जनप्रतिनिधि बीआरडी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष जनार्दन त्रिपाठी, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य धर्मेंद्र गुप्ता और डॉ. अशोक यादव भी मौजूद रहे। सभी ने घायलों के उपचार की स्थिति की जानकारी ली।



कोट
मृतक के भाई की तहरीर पर बिजली विभाग के कर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। दो बिजलीकर्मियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

निमिष पाटील, एसपी सिटी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें