गोरखपुर जिले के खजनी थाना क्षेत्र के नंदापार में मंगलवार को बाइक रास्ते से लेकर जाने को लेकर मारपीट हो गई, जिसमें दोनों पक्ष से छह लोग जख्मी हो गए। घायलों को अस्पताल भेजा गया। पुलिस तहरीर के आधार पर 12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, खजनी के तालनवर निवासी अजय निषाद के बहन की शादी है। अजय शादी का कार्ड लेकर नंदापार में अपने रिश्तेदार के यहां मंगलवार रात नौ बजे जा रहा था। नंदापार के पास रास्ते में तीन व्यक्ति बैठे हुए थे। बाइक का हार्न देने के बाद भी नहीं हटे।
अजय के मुताबिक, वह उनसे विवाद करने लगे। विवाद बढ़ने पर उन्होंने लाठी-डंडे से अजय को पीटना शुरू कर दिया। शोर सुनकर अजय के रिश्तेदार भी वहां पहुंच गए। दूसरी तरफ मनबढ़ों के भी परिवार के लोग वहां आ गए। मारपीट में अजय की रिश्तेदार सुनीता पत्नी राजेश, सरिता पत्नी बृजेश के सिर में गंभीर चोटें आ गईं। इसके अलावा बर्फा पत्नी छांगुर निषाद, आठ वर्षीय आलोक पुत्र इंद्रेश को भी चोट आई।
पुलिस ने घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खजनी में इलाज के लिए भेजा। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने विकास यादव, आशीष, रवि यादव, हरिओम, रितेश, आकाश, रक्षा, ताड़क यादव के खिलाफ केस दर्ज किया। वहीं, दूसरे पक्ष ने भी मारपीट का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। इंस्पेक्टर इकरार अहमद ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर मिली है। केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।