बेटी की शादी के दिन दिनेश की हो गई मौत।
- फोटो : अमर उजाला।
उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां नौतनवां थानाक्षेत्र के गांव बुधवार रात मुड़िला निवासी 45 वर्षीय दिनेश की बड़ी बेटी की शादी चल रही थी। रात 2 बजे के करीब दिनेश की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। यह खबर लगते ही पल भर में खुशियां मातम में बदल गई। हालांकि पहले बेटी की विदाई की गई। इसके बाद दिनेश की अर्थी उठी।
जानकारी के मुताबिक नौतनवां थानाक्षेत्र के गांव मुड़िला निवासी दिनेश (45) की बड़ी बेटी सभ्या की शादी थी। बरात सिद्धार्थनगर जनपद के गांव नटवा ताल टोला धरमपुर से आई थी। द्वार पूजा आदि कार्यक्रम के बाद शादी की रस्म चल रही।
रात करीब 2 बजे दिनेश किसी काम से घर से थोड़ी दूर तक गया था, वहां लटक रहे विद्युत तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। बेटी की शादी की रस्म के दौरान जरूरत पड़ने पर खोजबीन हुई थी तो घर से दक्षिण तरफ अचेत अवस्था में गिरे मिले।
लोग नौतनवां में एक अस्पताल में ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। किसी तरह से शादी सम्पन्न हुआ और बेटी की विदाई हो गई।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मृतक के पिता श्यामकरन की तहरीर पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार पांडेय ने मामले पुष्टि की है।