गोरखपुर जिले के गुलरिहा इलाके के खजांची चौराहा स्थित वैदिक हॉस्पिटल में मंगलवार सुबह नवजात की मौत पर परिजनों ने हंगामा किया। आरोप है कि डॉक्टरों की लापरवाही से मौत हुई है। पुलिस ने परिजनों से तहरीर लेकर हंगामा कर रहे लोगों को शांत कराया।
जानकारी के मुताबिक, शाहपुर इलाके के आम बाजार निवासी विजय निषाद पत्नी कविता निषाद को प्रसव पीड़ा होने पर रविवार शाम खजांची चौराहा स्थित बजरंग धाम कॉलोनी में वैदिक हॉस्पिटल में भर्ती कराया।
सोमवार को कविता ने पुत्र को जन्म दिया। शाम को उसे डिस्चार्ज कर घर भेज दिया गया। मंगलवार सुबह नवजात की तबियत खराब होने पर परिजन फिर हॉस्पिटल लेकर पहुंचे तो डॉक्टर पीएन गुप्ता घंटों बाद पहुंचे और नवजात को देखने के बाद घर भेज दिए।
हॉस्पिटल के बाहर निकलते ही नवजात की मौत हो गई। परिजन फिर हॉस्पिटल पहुंचे तो डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। नवजात की दादी एवं शक्तिनगर वार्ड की भाजपा बूथ अध्यक्ष मीना देवी का आरोप है कि हॉस्पिटल प्रशासन ने 25 हजार ले लिया। कोई रशीद भी नहीं दिया। नवजात की मौत डॉक्टर की लापरवाही से हुई है।
वैदिक हॉस्पिटल के संचालक विकास ने कहा कि 12 दिसंबर की सुबह 12 बजे डिस्चार्ज कर दिया गया था। जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ थे। अस्पताल प्रशासन की लापरवाही से नवजात की मौत नहीं हुई है।