बीआरडी मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड नंबर-14 में इलाज कराने आई एक महिला मरीज को परिजन छोड़कर फरार हो गए। महिला की हालत गंभीर है। उसको वेंटिलेटर पर रखा गया है। कॉलेज प्रशासन ने इसकी सूचना मेडिकल पुलिस चौकी को दी है।
मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने बताया कि महिला को 29 नवंबर को दोपहर बाद 3:37 बजे इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। परिजनों ने डॉक्टर को उसका नाम पानमति बताया लेकिन, भर्ती वाले दस्तावेज पर उसका नाम स्वाति निवासी कोतवाली गोरखपुर लिखा गया।
मरीज की जांच शुरू की गई तो उसे सांस लेने में तकलीफ थी और तेज बुखार था। गंभीरता को देखते हुए उसे तत्काल आईसीयू में भर्ती किया गया। स्थिति और बिगड़ने पर वेंटिलेटर पर रखा गया। वेंटिलेटर पर मरीज का इलाज किया जा रहा है।
नेहरू चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. राजेश राय ने बताया कि मरीज के परिजन भर्ती कराने के बाद फरार हो गए। काफी तलाश की गई, लेकिन कोई मिला नहीं। भर्ती कराते वक्त जो फोन नंबर पर्चे पर था, वह भी स्विच ऑफ बता रहा है। मामले की जानकारी पुलिस को दी है। लेकिन, अब तक परिजनों को पता नहीं चल सका है। जबकि, मरीज की हालत काफी खराब है।