दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के दीक्षा भवन में आयोजित दीक्षांत समारोह में सोमवार को कुलाधिपति व राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने छात्रों और शिक्षकों को भविष्य में बेहरत करने के लिए प्रेरित किया। विश्वविद्यालय को नैक मूल्यांकन में ए प्लस प्लस ग्रेड मिलने पर बधाई दी।कहा कि नैक से आगे बढ़ने का समय आ गया है।
कहा कि विश्वविद्यालय को क्यूएस वर्ल्ड यूनिवसर्सिटी और नेशनल इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क (एनआईआरएफ) रैंकिंग में स्थान बनाने के लिए प्रयास करने होंगे। उसमें भी बेहतर स्थान पाने के लिए शिक्षक-छात्र का समन्वित प्रयास जरूरी है। इसके लिए विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय, एशिया और विश्व पटल पर अपनी पहचान बनानी होगी।
उन्होंने कहा कि क्यूएस रैंकिंग में परसेप्शन(समाज के विचारों) का अहम रोल होता है। कुलाधिपति ने बीते दिनों छात्रों और विश्वविद्यालय प्रशासन में हुए विवाद पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि शिक्षक और छात्रों के बीच संवादहीनता नहीं होनी चाहिए। दोनों शिक्षक व छात्रों के बीच संवाद जरूरी है। इससे दोनों के बीच विवाद नहीं होता। इस पर ध्यान देने की नसीहत उन्होंने कुलपति को दी।