जानकारी के अनुसार, सहारा स्टेट के मल्हार स्थित मकान नंबर 2/202 में अभिषेक त्रिपाठी रहते थे। वह मूल रूप से देवरिया जिले के रहने वाले थे। आसपास के लोगों के मुताबिक, पिछले करीब चार दिनों से मकान का दरवाजा बंद था। अभिषेक भी इस दौरान बाहर नहीं दिखाई दिए। शुक्रवार सुबह मकान से तेज दुर्गंध आने पर पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
जानकारी मिलने पर खोराबार पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर अंदर प्रवेश किया तो सोफा सेट पर अभिषेक का शव मिला। सूचना के बाद फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और कमरे की बारीकी से छानबीन कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने घटना की जानकारी अभिषेक के परिवार के लोगों को दे दी है। उनके आने का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है। कमरे में किसी तरह के संघर्ष या अन्य संदिग्ध स्थिति के संकेत हैं या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। सीओ कैंट कीर्ति निधि आनंद ने बताया कि दरवाजा अंदर से बंद था। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।