प्रशासन ने कपरवार में हटवाया अतिक्रमण
कपरवार। स्थानीय चौराहे पर बृहस्पतिवार की शाम अतिक्रमण खाली कराने बुलडोजर पहुंचा तो चौराहे पर खलबली मच गई। अधिकारियों और पुलिस फोर्स देख दुकानदार अपनी प्रतिष्ठानों के सामने से अतिक्रमण हटाने लगे। हालांकि प्रशासन ने 30 मई को नोटिस तामील कराते हुए दुकानदारों से अतिक्रमण हटा लेने के निर्देश दिए थे।
शाम करीब पांच बजे लाव-लश्कर के साथ अधिकारी कपरवार चौराहे पर पहुंचे। प्रशासन को देख दुकानदार आननफानन में अतिक्रमण हटाने लगे। मुख्य चौके से रुद्रपुर, बरहज और बड़हलगंज मार्ग से अतिक्रमण खाली कराया गया। कब्जा खाली करने के लिए पक्के निर्माण सहित 45 लोगों को नोटिस तामील कराया गया था। करीब एक घंटे तक चली कार्रवाई से कब्जाधारकों में अफरातफरी रही। एसडीएम गजेंद्र सिंह ने बताया कि रामलीला मैदान की पैमाइश कराकर अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा। मौके पर सीओ देवआनंद, थानाध्यक्ष जयशंकर मिश्र, एसआई अमरनाथ सोनकर आदि मौजूद रहे।