उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में बिजली के नए कनेक्शन के साथ इलेक्ट्रॉनिक मीटर लगाए जा रहे हैं। अब तक 250 इलेक्ट्रॉनिक मीटर लगा भी दिए गए हैं। स्मार्ट मीटर पर रोक लगने के बाद अब निगम की ओर से नई व्यवस्था शुरू की गई है।
गौरतलब है कि ऊर्जा निगम ने प्रदेश में स्मार्ट मीटर लगाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। पहले पंद्रह दिनों की रोक लगी थी। इसे बढ़ाकर अब पंद्रह दिन और कर दिया गया। रोक की अवधि अभी और बढ़ सकती है। स्मार्ट मीटर पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद नए कनेक्शन के आवेदकों को परेशानी हो रही थी।
लंबित आवेदनों को देखते हुए अधीक्षण अभियंता शहरी यूसी वर्मा ने नए आवेदनों पर अब इलेक्ट्रानिक मीटर लगाने की अनुमति दे दी है। उपभोक्ताओं के घर पर इलेक्ट्रॉनिक मीटर लगाना शुरू भी कर दिया गया है। अधीक्षण अभियंता शहरी यूसी वर्मा ने बताया कि अब किसी आवेदक को परेशान नहीं होना पड़ेगा।